लखनऊ से श्रीनगर की सीधी उड़ान फिर शुरू होने की तैयारी, चंडीगढ़ और किशनगढ़ की सेवाएं बहाल

Lucknow Focus News Desk: लखनऊ एयरपोर्ट से चंडीगढ़ और किशनगढ़ (अजमेर) के लिए उड़ानों की बहाली के बाद अब श्रीनगर के लिए सीधी फ्लाइट को फिर से शुरू करने की योजना पर काम शुरू हो गया है। यह सेवा मई के अंत तक शुरू हो सकती है, फिलहाल इसकी व्यवहारिकता (फिजिबिलिटी) की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा कारणों और यात्रियों की घटती संख्या के चलते लखनऊ से श्रीनगर की सीधी उड़ान को बंद कर दिया गया था। मार्च में शुरू हुई यह सेवा शुरुआती दिनों में यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया के चलते लाभदायक रही थी, लेकिन हमले के बाद यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट आई और यह संख्या घटकर केवल 35 रह गई, जिससे एयरलाइन को नुकसान उठाना पड़ा।
पहले यह फ्लाइट इंडिगो द्वारा संचालित की जाती थी, जो सुबह 5:20 बजे लखनऊ से रवाना होकर 7:15 बजे श्रीनगर पहुंचती थी। वापसी की फ्लाइट शाम 5:50 बजे श्रीनगर से उड़ान भरती और 7:40 बजे लखनऊ लौटती थी। टिकट की कीमतें भी किफायती थीं, जो लगभग 6,000 से 8,000 रुपये के बीच थीं।
अब जब चंडीगढ़ और किशनगढ़ की उड़ानें दोबारा शुरू हो चुकी हैं, श्रीनगर रूट को पुनः शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। यदि यात्री मांग फिर से बढ़ती है और रिपोर्ट अनुकूल आती है, तो यह सेवा जल्द बहाल कर दी जाएगी।




