देश

संसद में राहुल गांधी ने उठाया वायु प्रदूषण का मुद्दा, बोले- यह नेशनल इमरजेंसी, सत्ता-विपक्ष मिलकर करें काम

Lucknow Focus News Desk: संसद के शीतकालीन सत्र के 10वें दिन कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा में देश के बड़े शहरों में व्याप्त वायु प्रदूषण का गंभीर मुद्दा उठाया। उन्होंने इस विषय को राजनीति से ऊपर रखने और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष से मिलकर काम करने का आह्वान किया।

राहुल गांधी के मुख्य सुझाव

राहुल गांधी ने प्रदूषण को एक राष्ट्रीय आपातकाल (National Emergency) बताते हुए कहा कि यह एक ऐसा मुद्दा है, जिस पर सभी राजनीतिक दल एक साथ आ सकते हैं।

उन्होंने आग्रह किया कि “आरोप-प्रत्यारोप से हटकर सभी को आम सहमति से इस पर चर्चा करनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि यह हमारे देश के भविष्य का सवाल है, क्योंकि जहरीली हवा के कारण लोगों को कैंसर हो रहा है, बच्चों को नुकसान हो रहा है, और सांस लेना मुश्किल हो रहा है।

उन्होंने सुझाव दिया, “मुझे लगता है कि बेहतर होगा कि हम चर्चा को इस बात पर केंद्रित न करें कि हम क्या नहीं कर पाए और आप क्या नहीं कर पाए, बल्कि सीधे इस बात पर ध्यान दें कि हम भविष्य में भारत की जनता के लिए क्या करने जा रहे हैं, हमें कौन से कदम उठाने होंगे।”

राहुल गांधी ने कहा कि इस एक मुद्दे (प्रदूषण) पर कोई असहमति नहीं है। उन्होंने कहा, “एक्सपर्ट की सलाह लेंगे और देश को दिखाएंगे कि हम मिलकर (सत्ता पक्ष और विपक्ष) काम कर सकते हैं।” राहुल गांधी ने अपनी बात रखते हुए ‘वंदे मातरम’ और ‘SIR’ जैसे विषयों पर हुई पिछली तीखी बहस का भी हवाला दिया और कहा कि वायु प्रदूषण पर ऐसी डिबेट नहीं होनी चाहिए।

सरकार का जवाब

राहुल गांधी के सुझावों का जवाब देते हुए संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले दिन से ही यह साफ कर दिया था कि वह सभी अहम मामलों पर चर्चा करने के लिए तैयार है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टी के नेताओं से सुझाव लेने के लिए भी तैयार है।

Related Articles

Back to top button