उत्तर प्रदेश

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: SIT ने कोर्ट में पेश की 36,039 पन्नों की चार्जशीट, चंपत राय और अनिल मिश्र को बनाया गया गवाह

Lucknow Focus News Desk: अयोध्या के बहुचर्चित राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में पुलिस (SIT) ने विशेष न्यायाधीश एंटी करप्शन कोर्ट में 36,039 पन्नों का विस्तृत आरोपपत्र (चार्जशीट) दाखिल कर दिया है। 4 बक्सों और 2 गत्तों में भरकर अदालत पहुँचाई गई इस चार्जशीट में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र और निर्माण प्रभारी गोपाल राव को किसी आपराधिक गतिविधि का दोषी नहीं पाया गया है, बल्कि उन्हें इस मामले में गवाह बनाया गया है।

चार्जशीट में कुल 133 गवाहों के बयानों का उल्लेख है और इसके साथ 101 केस डायरी के परचे संलग्न किए गए हैं। पुलिस की इस रिपोर्ट और कुछ प्रमुख लोगों को आरोपी न बनाए जाने को लेकर कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं के एक गुट ने विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की, जिसे देखते हुए परिसर में भारी पीएसी बल तैनात किया गया। अदालत ने मामले में रिमांड पर अगली सुनवाई के लिए 7 अक्टूबर 2026 की तारीख तय की है।

घटनाक्रम का संक्षिप्त विवरण

4 जून: गणना कक्ष में चढ़ावे की नकदी छिपाने और चोरी का मामला सामने आया।

13 – 19 जून: मामले की जांच के लिए पहली एसआईटी (SIT) गठित हुई। एसआईटी ने चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्र, गोपाल राव, बैंक अधिकारियों और नोट गिनने वाली एजेंसी से पूछताछ की तथा 11 महीने के दस्तावेज खंगाले।

23 जून: एसआईटी की प्राथमिक रिपोर्ट में 27 अप्रैल से 5 जून के बीच करीब 70 संदिग्ध चोरी की घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज मिलने की बात सामने आई।

25 – 26 जून: रामजन्मभूमि थाने में 8 नामजद आरोपियों (रामशंकर यादव टिन्नू, अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र, मनीष यादव, करुणेश पांडेय, रमाशंकर मिश्र, अविनाश शुक्ल और सेवानिवृत्त बैंककर्मी सुभाष श्रीवास्तव) के खिलाफ FIR दर्ज कर उन सभी को गिरफ्तार किया गया।

Related Articles

Back to top button