UPSSSC PET Exam: लखनऊ में परीक्षा के दौरान कड़ी चेकिंग, जूते उतरवाकर ली गई तलाशी, अभ्यर्थियों के कलावे भी कटवाए

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा रविवार को आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) के दौरान राजधानी लखनऊ के परीक्षा केंद्रों पर बेहद सख्त चेकिंग देखने को मिली। परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों को कड़ी जांच और बायोमेट्रिक प्रक्रिया के बाद ही सेंटरों में प्रवेश दिया गया।
आशियाना स्थित महाराजा बिजली पासी राष्ट्रीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सहित विभिन्न केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले छात्र-छात्राओं के जूते उतरवाकर गहन जांच की गई। इतना ही नहीं, सुरक्षा मानकों का हवाला देते हुए अभ्यर्थियों के हाथों में बंधे कलावे (रक्षासूत्र) भी उतरवा दिए गए। इस सख्त चेकिंग व्यवस्था को लेकर अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के बीच काफी चर्चा रही।
उत्तर प्रदेश में विभिन्न सरकारी नौकरियों में शामिल होने के लिए PET एक अनिवार्य पात्रता परीक्षा है। राजधानी लखनऊ में इस परीक्षा के लिए कुल 45 केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों (सुबह 10 से 12 बजे और दोपहर 3 से 5 बजे) में लगभग 38 हजार अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर 317 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।




