लखनऊ

डॉ. अम्मार रिज़वी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर प्रधानमंत्री एवं सुरक्षा बलों को दी बधाई

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री और ऑल इंडिया माइनॉरिटीज फोरम फॉर डेमोक्रेसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अम्मार रिज़वी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सैन्य अभियान भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति और उसकी संप्रभुता की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है।

डॉ. रिज़वी ने अपने संदेश में कहा, “इस ऑपरेशन ने पूरी दुनिया को स्पष्ट संकेत दिया है कि भारत ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना में विश्वास रखता है, लेकिन अपनी क्षेत्रीय अखंडता, संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।”

उन्होंने आगे कहा कि भारत एक शांतिप्रिय और विनम्र राष्ट्र है, लेकिन यह उसकी कमजोरी नहीं है। “हम सक्षम, सशक्त और आत्मनिर्भर हैं तथा किसी भी आंतरिक या बाह्य चुनौती का मुकाबला करने में पूरी तरह सक्षम हैं।”

पड़ोसी देश पाकिस्तान की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए डॉ. रिज़वी ने कहा कि वहां अब भी वास्तविक लोकतंत्र से दूरी बनी हुई है और सैन्य शासन का प्रभाव जारी है। “वहाँ की लोकतांत्रिक ताकतें लंबे समय से सेना के नियंत्रण में रही हैं, जिससे देश की राजनीतिक स्वतंत्रता प्रभावित हुई है।”

सशस्त्र बलों की सराहना करते हुए डॉ. रिज़वी ने कहा, “मैं हमारी सेना की बहादुरी और साहस को सलाम करता हूं। हमारी सेना हर परिस्थिति से निपटने की पूर्ण क्षमता रखती है।”

उन्होंने अंत में कहा कि भारत ने दुनिया को दिखा दिया है कि यह एक लोकतांत्रिक और संवैधानिक ढांचे के अंतर्गत एकजुट राष्ट्र है, और कोई भी शक्ति हमारे सशस्त्र बलों तथा नागरिकों के साहस को नहीं डिगा सकती।

Related Articles

Back to top button