‘ओ रोमियो’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज: ‘उस्तरा’ बनकर गुंडों की धुलाई कर रहे शाहिद कपूर

Lucknow Focus News Desk: शाहिद कपूर के फैंस के लिए आज का दिन बेहद खास है। मशहूर निर्देशक विशाल भारद्वाज की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ओ रोमियो’ का ट्रेलर आज यानी 21 जनवरी को रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर को देखते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है और शाहिद का रफ-टफ अंदाज फैंस को उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कबीर सिंह’ की याद दिला रहा है।
‘उस्तरे’ से पंगा पड़ेगा भारी!
शाहिद कपूर ने फिल्म का ट्रेलर शेयर करते हुए एक दमदार कैप्शन भी दिया है। उन्होंने लिखा, “उस्तरे से पंगा नहीं लेने का, शरीर से आत्मा काट के ले जाता है।” फिल्म में शाहिद ‘उस्तरा’ नाम का किरदार निभा रहे हैं, जो जितना रोमांटिक है, उतना ही खतरनाक भी।
एक्शन, रोमांस और स्टार पावर का तड़का ट्रेलर की सबसे अनोखी बात यह है कि इसमें माधुरी दीक्षित के मशहूर गाने ‘धक-धक’ के बैकग्राउंड म्यूजिक पर शाहिद कपूर गुंडों की जमकर पिटाई करते दिख रहे हैं। इसके अलावा तृप्ति डिमरी के साथ शाहिद की केमिस्ट्री लाजवाब लग रही है। दिशा पाटनी के साथ शाहिद का एक जबरदस्त आइटम नंबर फिल्म में ग्लैमर का तड़का लगाएगा। ट्रेलर में नाना पाटेकर, विक्रांत मैसी, तमन्ना भाटिया और अविनाश तिवारी जैसे सितारों की झलक ने फिल्म के प्रति उत्सुकता बढ़ा दी है।
वेलेंटाइन वीक पर देगी दस्तक साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन में बनी यह फिल्म 13 फरवरी, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। विशाल भारद्वाज और शाहिद कपूर की जोड़ी (कमीने, हैदर) एक बार फिर बड़े पर्दे पर आग लगाने के लिए तैयार है।




