लखनऊ में ‘शिल्प सृष्टि’ कला प्रदर्शनी का शुभारंभ, उभरते कलाकारों की रचनाएं बनीं आकर्षण का केंद्र

Lucknow Focus News Desk: राजधानी लखनऊ की कला स्रोत आर्ट गैलरी में आज “शिल्प सृष्टि” नामक सामूहिक कला प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. राजीव नयन पांडेय, डीन, शकुंतला मिश्रा यूनिवर्सिटी, लखनऊ तथा जयकृष्ण अग्रवाल, पूर्व डीन, लखनऊ कला महाविद्यालय, उपस्थित रहे। प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रो. राजीव नयन पांडेय ने किया।
यह सामूहिक कला प्रदर्शनी विशेष रूप से एम.वी.ए. (मास्टर ऑफ विजुअल आर्ट्स) के छात्रों की कृतियों को केंद्र में रखकर आयोजित की गई है। इसमें अंतिम वर्ष के छात्र तेजप्रताप, शमशेर, आकाश कुमार राणा, प्रथम वर्ष की छात्रा श्रद्धा तिवारी, तथा बी.वी.ए. के छात्र सुशील कुमार यादव की कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं।
प्रदर्शनी 25 मई से 31 मई 2025 तक चलेगी और यह प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी।
इस अवसर पर प्रो. पांडेय ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा, “कला को केवल अकादमिक दायरे में सीमित न रखें, बल्कि बाहरी दुनिया में जाकर विभिन्न माध्यमों और कलाकारों से संवाद कर अपने दृष्टिकोण को व्यापक बनाएं। नवाचार और परंपरा का संतुलन ही सच्ची कला को जन्म देता है।”
शिल्प सृष्टि प्रदर्शनी में युवा कलाकारों की रचनात्मक सोच, रंगों का प्रयोग और पारंपरिक शिल्प की आधुनिक व्याख्या दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रही है।




