संगीता बिजलानी के फार्महाउस में सेंधमारी, चार महीने बाद लौटीं तो टूटा दरवाज़ा और बिखरा सामान देख दंग रह गईं

Lucknow Focus News Desk: बॉलीवुड एक्ट्रेस और सलमान खान की पूर्व गर्लफ्रेंड संगीता बिजलानी के पुणे स्थित फार्महाउस में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। चार महीने बाद जब संगीता पवना डैम के पास तिकोना गांव स्थित अपने फार्महाउस पहुंचीं, तो वहां का हाल देखकर वो चौंक गईं। फार्महाउस का मुख्य दरवाज़ा टूटा हुआ था, खिड़कियों की ग्रिलें उखड़ी हुई थीं और कीमती घरेलू सामान गायब या टूटा पड़ा था।
एक्ट्रेस ने पुलिस को दी लिखित शिकायत
संगीता बिजलानी ने पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि चोरी के दौरान फार्महाउस को काफी नुकसान पहुंचाया गया है। शिकायत के मुताबिक, एक टेलीविज़न सेट गायब था जबकि दूसरा टूट चुका था। इसके अलावा बिस्तर, फ्रिज और अन्य घरेलू सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिले। सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए थे।
बीमार पिता के कारण नहीं जा सकीं फार्महाउस
संगीता ने बताया कि वो अपने पिता की तबीयत खराब होने के चलते पिछले चार महीनों से फार्महाउस नहीं आ पाई थीं। शुक्रवार को जब वह दो नौकरानियों के साथ वहां पहुंचीं, तो उन्हें इस वारदात का पता चला। उन्होंने कहा, “जैसे ही मैं अंदर गई, देखा कि सबकुछ बिखरा पड़ा था। ऊपर की मंज़िल पूरी तरह तहस-नहस थी। सारे बिस्तर टूटे हुए थे और कई कीमती चीजें या तो चोरी हो चुकी थीं या बर्बाद कर दी गई थीं।”
पुलिस कर रही है जांच, जल्द दर्ज होगा मामला
लोनावाला पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक दिनेश तायडे ने बताया कि फार्महाउस में हुई चोरी की सूचना मिलते ही एक टीम को जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा, “साइट का निरीक्षण चल रहा है। नुकसान और चोरी का पूरा आकलन करने के बाद औपचारिक रूप से मामला दर्ज किया जाएगा।”
फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चोरी कितने समय पहले हुई और इसमें कौन-कौन शामिल हो सकता है।




