देश

पटना में दारोगा भर्ती और BPSC अभ्यर्थियों का प्रदर्शन: पुलिस से झड़प, जेपी गोलंबर पर बैरिकेड्स पर चढ़े छात्र

13 सूत्री मांगों को लेकर अभ्यर्थियों ने निकाला राजभवन मार्च; आत्महत्या करने वाले अभ्यर्थी रोमित के परिजनों ने परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग की

Lucknow Focus News Desk: बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी 13 सूत्री मांगों को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। बिहार दरोगा भर्ती (1799 पद), BPSC 70वीं परीक्षा और BSSC भर्ती में कथित धांधली, देरी और अव्यवस्थाओं के खिलाफ बड़ी संख्या में छात्र गांधी मैदान से राजभवन मार्च के लिए निकले। जेपी गोलंबर और डाक बंगला चौराहे पर पटना पुलिस और सीआरपीएफ (CRPF) के जवानों ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोका, जिससे पुलिस और छात्रों के बीच तीखी झड़प और नारेबाजी हुई।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें

दरोगा भर्ती व BPSC रद्द करने की मांग: अभ्यर्थियों का आरोप है कि 1799 पदों पर हुई दरोगा भर्ती में हुई गड़बड़ी की जांच EOU कर रही है, फिर भी परीक्षा रद्द नहीं की जा रही। BPSC 70वीं परीक्षा और BSSC भर्ती में भी पारदर्शिता और पुनरीक्षण की मांग उठाई गई।

13 सूत्रीय मांग पत्र: छात्रों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी 13 सूत्री मांगें पूरी नहीं होतीं और सरकार ठोस कदम नहीं उठाती, आंदोलन जारी रहेगा।

मृतक अभ्यर्थी रोमित के परिवार ने की मुख्यमंत्री से गुहार

दरोगा भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और तनाव के चलते आत्महत्या करने वाले मेधावी छात्र रोमित (NET क्वालिफाइड) का परिवार भी प्रदर्शन में शामिल हुआ। रोमित की मां और भाई ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से न्याय की अपील करते हुए कहा कि परीक्षाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार को खत्म किया जाए ताकि किसी और का बेटा अपनी जान न गंवाए।

वहीं, प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने रोमित के परिवार के लिए ₹1 करोड़ के मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button