लखनऊ

लखनऊ में मोबाइल किस्‍त के लिए सनसनीखेज कांड, जबरन खून निकलवाने का भी आरोप

Lucknow Focus News Desk: राजधानी लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां मोबाइल की किस्त बकाया होने पर एक युवक को उसके घर से जबरन उठाकर पांच दिनों तक बंधक बनाकर रखने, मजदूरी कराने और कथित तौर पर जबरन खून निकलवाने का संगीन आरोप लगा है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर डीसीपी दक्षिणी (DCP South) ने मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।

बहाने से ले जाकर बनाया बंधक

राजारामखेड़ा (पुरहिया) निवासी जदूराई के अनुसार, उनके छोटे बेटे नेवल ने करीब एक साल पहले निगोहां कस्बे की एक दुकान से ‘जीरो डाउन पेमेंट’ पर मोबाइल खरीदा था। किस्त जमा न होने पर दुकानदार के लोग पहले मोबाइल ले गए थे। इसके बाद 8 सितंबर की शाम स्कूटी सवार दो युवक नेवल को बहाने से अपने साथ ले गए।

जबरन खून निकलवाया, कराया काम

पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने नेवल को पहले लखनऊ के एक ब्लड बैंक ले जाकर जबरन उसका खून निकलवाया। इसके बाद उसे सदर इलाके के एक मकान में 5 दिनों तक बंधक बनाकर रखा और मजदूरी कराई।

रुपये वसूलने के बाद भी दी धमकी

ऑनलाइन पेमेंट: आरोपियों ने 9 सितंबर को पीड़ित के बड़े भाई से QR कोड के जरिए ₹2,799 ऑनलाइन मंगवाए।

अतिरिक्त मांग: रकम मिलने के बाद भी युवक को नहीं छोड़ा गया और 11 सितंबर को दोबारा फोन कर ₹12,500 की और मांग की गई। पैसे न देने पर युवक को जान से मारकर गोमती नदी में फेंकने की धमकी दी गई।

पुलिस के हस्तक्षेप के बाद छूटा युवक

मामले की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद पांचवें दिन आरोपी ने युवक को कैब से थाने भेजा, जहां वह बदहवास हालत में मिला। परिजनों का आरोप है कि शुरुआती स्तर पर पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित को ही फंसाने की धमकी दी थी। फिलहाल, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button