इन्फोटेनमेन्ट

18 साल पहले रिलीज़ हुई ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’: रियल गैंगस्टर्स पर बनी फिल्म जिसने मचाई थी धूम

Lucknow Focus News Desk: हिंदी सिनेमा में कई बार रियल घटनाओं को सिल्वर स्क्रीन पर उतारा गया है, लेकिन 2007 में रिलीज़ हुई ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ उन फिल्मों में से एक है जिसने न केवल दर्शकों का ध्यान खींचा, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी जबरदस्त सफलता हासिल की। यह फिल्म 1991 में मुंबई के लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स में हुए एक चर्चित एनकाउंटर पर आधारित थी।

सच्ची घटना पर आधारित कहानी

1991 में मुंबई पुलिस ने ऑफिसर आफताब अहमद खान के नेतृत्व में एक बड़ा एनकाउंटर ऑपरेशन चलाया था। इस ऑपरेशन का मकसद था एक खतरनाक गैंग को खत्म करना जो अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के लिए काम करता था। इन्हीं घटनाओं को फिल्मी रूप में दर्शाया गया ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ में, जिसे 25 मई 2007 को रिलीज किया गया था।

कई सितारों ने किया था इंकार

दिलचस्प बात यह है कि फिल्म के निर्माण से पहले कई बड़े सितारों ने इसमें काम करने से मना कर दिया था। लेकिन अंततः फिल्म में विवेक ओबरॉय, संजय दत्त, तुषार कपूर, रोनित रॉय, शब्बीर आहलूवालिया, सुनील शेट्टी, अभिषेक बच्चन और अरबाज़ खान जैसे कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाईं। विवेक ओबरॉय ने ‘मायाभाई’ नामक गैंगस्टर की भूमिका निभाई, जबकि संजय दत्त ने एनकाउंटर स्पेशलिस्ट ‘शमशेर खान’ का किरदार निभाया।

बजट और कमाई

फिल्म को अपूर्व लाखिया ने निर्देशित किया था और इसे संजय गुप्ता, शोभा कपूर और एकता कपूर ने प्रोड्यूस किया था। 17 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 44.76 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया, जो उस समय के हिसाब से बड़ी सफलता मानी गई। फिल्म में कुल 9 गाने थे, जिनमें से ‘ऐ गनपत चल दारू ला’, ‘मेरे यार’, ‘उनके नशे में’, और ‘सोने दे मां’ जैसे गाने युवाओं के बीच खासे लोकप्रिय हुए। जो दर्शक इस रोमांचक कहानी को देखना चाहते हैं, वे ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ को यूट्यूब पर फ्री में स्ट्रीम कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button