जिम में जरूरत से ज्यादा वर्कआउट पड़ सकता है भारी, 3 गंभीर बीमारियों का बढ़ा खतरा

Lucknow Focus News Desk: आजकल फिटनेस का जुनून हर उम्र के लोगों में देखा जा रहा है। अच्छी बॉडी और बेहतर सेहत के लिए लोग घंटों जिम में पसीना बहा रहे हैं और साथ में धड़ल्ले से प्रोटीन सप्लीमेंट्स भी ले रहे हैं। लेकिन यही आदतें अब सेहत पर भारी पड़ने लगी हैं।
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) ने चेतावनी दी है कि जरूरत से ज्यादा वर्कआउट और सप्लीमेंट्स लेने से कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है, जिसे लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं।
1. हार्ट अटैक का बढ़ता खतरा
ICMR के मुताबिक, बहुत ज्यादा या लंबे समय तक हेवी वर्कआउट करने से दिल पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इससे हार्ट अटैक या कार्डियक अरेस्ट का जोखिम बढ़ सकता है।
वर्कआउट से पहले हाई-प्रोटीन सप्लीमेंट्स लेना भी दिल से जुड़ी समस्याओं को बढ़ा सकता है। अगर आपको चिड़चिड़ापन, नींद की कमी, जल्दी थकान या बेचैनी महसूस हो रही है, तो यह संकेत हो सकते हैं कि शरीर को आराम की जरूरत है। ऐसे में हेवी एक्सरसाइज से ब्रेक लें और समय-समय पर हेल्थ चेकअप जरूर कराएं।
2. घुटनों और हड्डियों को नुकसान
गलत तरीके से एक्सरसाइज करना, खासकर स्क्वैट्स, लंजेस या भारी वजन उठाना, घुटनों के लिए खतरनाक हो सकता है। आजकल कैल्शियम की कमी के कारण हड्डियां पहले से ही कमजोर हो रही हैं।
गलत फॉर्म में वर्कआउट करने से नी डैमेज या फ्रैक्चर का खतरा काफी बढ़ गया है, खासकर युवाओं में।
3. किडनी और लिवर पर असर
जरूरत से ज्यादा प्रोटीन सप्लीमेंट लेने से किडनी और लिवर पर बुरा असर पड़ सकता है। इससे शरीर में पानी और कैल्शियम की कमी हो सकती है।
कैल्शियम की कमी हड्डियों को कमजोर बना देती है, जिससे उनके टूटने का खतरा और बढ़ जाता है।
प्रोटीन के लिए सप्लीमेंट नहीं, नेचुरल डाइट अपनाएं
ICMR की सलाह है कि प्रोटीन की जरूरत को पूरा करने के लिए सप्लीमेंट्स पर ज्यादा निर्भर न रहें, बल्कि हेल्दी और प्राकृतिक चीजों को अपनी डाइट में शामिल करें।
प्रोटीन के अच्छे प्राकृतिक स्रोत:
-
लीन मीट: चिकन ब्रेस्ट, मटन
-
फिश: सैल्मन, टूना और फैटी फिश (ओमेगा-3 से भरपूर)
-
अंडा: रोजाना 1–2 अंडे का सफेद हिस्सा
-
डेयरी प्रोडक्ट्स: दूध, पनीर, ग्रीक योगर्ट, चीज
-
दालें और बीन्स: दालें, बीन्स और हरी सब्जियां (फाइबर और प्रोटीन से भरपूर)
नोट: यह खबर सामान्य जानकारी पर आधारित है। किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या या डाइट से जुड़े फैसले लेने से पहले डॉक्टर या स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।




