उत्तर प्रदेश

पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल को श्रद्धांजलि, ‘अभिन्न मित्र’ राजा मुराद भावुक

Lucknow Focus News Desk: पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता श्रीप्रकाश जायसवाल के शुक्रवार को 81 वर्ष की आयु में हुए निधन पर पूरे राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। शनिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और कांग्रेस नेता एवं अभिनेता राजा मुराद समेत कई प्रमुख राजनेताओं ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

महाना ने व्यक्त की संवेदना

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने स्वर्गीय श्रीप्रकाश जायसवाल के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए कहा “ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें।”

राजा मुराद ने बताया ‘व्यक्तिगत क्षति’

कांग्रेस नेता और अभिनेता राजा मुराद ने श्रीप्रकाश जायसवाल को याद करते हुए उनके साथ अपने गहरे संबंधों को उजागर किया। उन्होंने इसे व्यक्तिगत क्षति बताते हुए कहा “श्रीप्रकाश जायसवाल सदैव शांत और कभी भी हालात से विचलित न होने वाले मजबूत नेता थे। वह मेरे अभिन्न मित्रों में से एक थे। हम दोनों ने खूब साथ काम किया। मैं हमेशा उनकी सौम्यता और दूरदर्शिता से प्रभावित हुआ। उनका जाना व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सह पाने की शक्ति दें।”

श्रीप्रकाश जायसवाल ने लगातार तीन बार कानपुर से सांसद के रूप में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व किया था और केंद्र सरकार में कोयला मंत्रालय सहित कई महत्वपूर्ण विभागों का कार्यभार संभाला था।

Related Articles

Back to top button