जयपुर में बड़ा हादसा: सेप्टिक टैंक में उतरे 4 मजदूरों की मौत, सभी यूपी के रहने वाले

Lucknow Focus News Desk: राजस्थान की राजधानी जयपुर के सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। ज्वैलरी जोन स्थित एक फैक्ट्री के सेप्टिक टैंक में सोना निकालने उतरे आठ मजदूरों में से चार की दम घुटने से मौत हो गई। बाकी चार में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी मजदूर उत्तर प्रदेश से थे। मृतकों की पहचान संजीव पाल, हिमांशु सिंह, रोहित पाल (तीनों अंबेडकर नगर निवासी) और अर्पित यादव (सुल्तानपुर निवासी) के रूप में हुई है।
घायल मजदूरों में अमित चौहान और राजपाल की हालत गंभीर है और उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, अमित पाल और सूरज पाल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई।
कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मजदूर फैक्ट्री के सेप्टिक टैंक में फंसे हुए कीमती धातुओं और सोने के कणों को निकालने के लिए उतरे थे। इसी दौरान जहरीली गैसों की चपेट में आने से चार मजदूरों की मौत हो गई। विशेषज्ञों का मानना है कि टैंक में मौजूद गैस ने दम घुटने की स्थिति पैदा कर दी थी।
पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सेप्टिक टैंक में बिना किसी सेफ्टी उपकरण और ऑक्सीजन सपोर्ट के मजदूरों को उतारना गंभीर लापरवाही का मामला हो सकता है।
इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिना किसी सुरक्षा उपायों के खतरनाक स्थानों पर मजदूरों को भेजना मानव जीवन के प्रति लापरवाही का संकेत देता है। प्रशासन द्वारा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।
