यूपी में सीएनजी और घरेलू पीएनजी गैस महंगी, आज से नई दरें हुईं लागू

उत्तर प्रदेश के कई शहरों में सीएनजी और घरेलू पीएनजी गैस की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। ये नई दरें 16 अप्रैल सुबह 6 बजे से प्रभावी हो गई हैं, जिससे आम लोगों और सीएनजी वाहन चालकों को बड़ा झटका लगा है।
ग्रीन गैस लिमिटेड के एजीएम मार्केटिंग प्रवीण सिंह के मुताबिक, अब लखनऊ और आगरा में सीएनजी की कीमत ₹97.75 प्रति किलोग्राम होगी, जबकि उन्नाव, अयोध्या और सुल्तानपुर में यह दर ₹95 प्रति किलोग्राम तय की गई है। घरेलू पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) की दर भी बढ़ा दी गई है। अब घरेलू पीएनजी की कीमत ₹58.50 प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) हो गई है, जो पहले ₹57.43 प्रति SCM थी। यह संशोधन भी 16 अप्रैल से लागू हो गया है।
क्यों बढ़ीं कीमतें?
अधिकारियों के अनुसार, घरेलू प्राकृतिक गैस के आवंटन में कमी और लागत में वृद्धि के चलते यह मूल्य संशोधन आवश्यक हो गया। इससे सीएनजी और पीएनजी दोनों के दाम प्रभावित हुए हैं। सूत्रों ने बताया कि शहरी गैस वितरण (CGD) कंपनियों को प्रशासित मूल्य प्रणाली (APM) गैस का आवंटन घटाया गया है। इससे इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) और महानगर गैस लिमिटेड (MGL) जैसी कंपनियों को कीमतें फिर से निर्धारित करनी पड़ीं।
IGL के लिए APM गैस आवंटन अब 51% से घटकर 40% कर दिया जाएगा, हालांकि इस पर अभी आधिकारिक अधिसूचना आना बाकी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “नीति में बार-बार बदलाव चिंता का विषय है। बताया गया है कि APM गैस की जगह अब नए कुओं से मिलने वाली गैस का उपयोग किया जाएगा।” इस मूल्य वृद्धि से सबसे ज़्यादा असर सीएनजी वाहनों के मालिकों और घरेलू गैस उपभोक्ताओं पर पड़ेगा, जो पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे हैं।




