रात में नींद न आने की समस्या: जानें, आसान टिप्स से कैसे पाएं गहरी और आरामदायक नींद

Lucknow Focus News Desk: दिनभर की थकान और मानसिक तनाव की वजह से रात में नींद न आना एक आम समस्या बन चुकी है। यह समस्या न सिर्फ आपके शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि मानसिक स्थिति भी बिगाड़ सकती है। नींद की कमी से दिनभर चिड़चिड़ापन, थकावट और झपकी का आना एक सामान्य असर बन जाता है। साथ ही, समय पर और पर्याप्त नींद न लेने से कई गंभीर बीमारियां भी आपको जल्दी घेर सकती हैं। अगर आप भी इसी समस्या से जूझ रहे हैं, तो कुछ आसान उपाय हैं, जिन्हें अपनाकर आप अपनी नींद को बेहतर बना सकते हैं।
एनेस्थेसियोलॉजिस्ट और इंटरवेंशनल पेन मेडिसिन के विशेषज्ञ डॉ. कुणाल सूद ने इंस्टाग्राम पर कुछ कारगर टिप्स शेयर किए हैं, जिनसे आप अपनी नींद को नियंत्रित कर सकते हैं और रात में सोने में आने वाली समस्याओं से निजात पा सकते हैं।
सांस की तकनीक अपनाएं
अगर रात में नींद नहीं आ रही है, तो सबसे पहले अपने बिस्तर पर लेट जाएं और एक विशेष सांस लेने की तकनीक अपनाएं। इस तकनीक के अनुसार, आप 4 सेकंड तक गहरी सांस लें, फिर उसे 7 सेकंड तक होल्ड करें और अंत में 8 सेकंड तक धीरे-धीरे सांस छोड़ें। इस प्रक्रिया को कुछ बार दोहराएं, और देखिए आपको सोते देर नहीं लगेगी।
मोजे पहनकर सोएं
यह थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन मोजे पहनने से आपकी नींद में सुधार हो सकता है। मोजे पहनने से आपके पैरों को गर्मी मिलती है, जिससे दिमाग को शरीर को ठंडा करने के संकेत मिलते हैं और इससे नींद अच्छी आती है। एक शोध में यह पाया गया है कि जो लोग सूती मोजे पहनकर सोते हैं, वे 32 मिनट अधिक सोते हैं और रात में कम जागते हैं।
लैवेंडर के तेल का उपयोग करें
लैवेंडर के तेल की खुशबू भी गहरी नींद में मदद करती है। लैवेंडर में कुछ खास कंम्पाउड होते हैं, जो आपके दिमाग से इमोशनली कनेक्ट होते हैं। कई क्लिनिकल ट्रायल में यह साबित हुआ है कि लैवेंडर की खुशबू से तनाव कम होता है, हार्ट रेट, ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल के स्तर में भी कमी आती है, जो नींद में सुधार करने में सहायक होते हैं। आप लैवेंडर तेल का उपयोग कर सकते हैं या इसे सूंघ सकते हैं ताकि नींद जल्दी आए।
नोट
यह सुझाव केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी उपाय को अपनाने से पहले डॉक्टर से सलाह लेना महत्वपूर्ण है।




