‘बिग बॉस 19’: अमाल मलिक की टिप्पणी पर हंगामा, सोशल मीडिया पर आ रहे ऐसे कमेंट

Lucknow Focus News Desk: ‘बिग बॉस’ के घर में लड़ाई-झगड़े आम हैं, लेकिन इस बार ‘बिग बॉस 19’ के कंटेस्टेंट अमाल मलिक ने कुछ ऐसा कह दिया है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हो रही है। अमाल ने अभिषेक बजाज को लेकर एक ऐसी टिप्पणी की है, जिसे लोग ‘महिला विरोधी’ बता रहे हैं।
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ, जब हाल ही के एपिसोड में अमाल और अभिषेक बजाज के बीच तीखी बहस हो गई। अभिषेक सोफे पर बैठकर खाना खा रहे थे, जिस पर अमाल ने आपत्ति जताई और कहा कि वह उस जगह पर सोते हैं। जब अभिषेक नहीं माने, तो बहस बढ़ गई और अमाल ने अभिषेक को गालियां देनी शुरू कर दीं।
इसी दौरान अमाल ने अपनी हद पार करते हुए कहा, “उस दिन इसने मेरे को एलिमिनेट किया मैंने इससे एक भी बार पूछा कि क्यों किया? बार-बार 100 बार पूछना है कि क्यों कर रहे हो तो घर जाओ, चूड़ी पहनो, साड़ी भी ओढ़ लो, बिंदी भी लगा लो।”
अमाल की यह टिप्पणी सोशल मीडिया यूजर्स को बिल्कुल पसंद नहीं आई। एपिसोड ऑन-एयर होने के तुरंत बाद ही X (पहले ट्विटर) पर कई यूजर्स ने अमाल की इस टिप्पणी के लिए आलोचना की।
एक यूजर ने लिखा, “मैं कभी नहीं समझ पाऊंगा कि कुछ पुरुष दूसरों को महिलाओं जैसा कहकर उनका अपमान क्यों करते हैं। किसी ने 2 बातें पूछ लीं, तो वो लड़की हो गया? और गालियां दे दो, तुम तो बहुत बड़े मर्द?”
एक अन्य यूजर ने कहा, “अभिषेक को ‘लड़की’ कहना और पीठ पीछे साड़ी-चूड़ियां पहनने की बात करना न सिर्फ उन पर कमज़ोर प्रहार है, बल्कि महिलाओं का भी अपमान है। साड़ी और चूड़ियां गर्व हैं, कोई चुटकुला नहीं।”
इससे पहले भी अभिषेक बजाज घर में खाने को लेकर नेहल से भिड़ चुके हैं, जब बसीर अली ने बिना पूछे उनकी प्लेट से खाना ले लिया था।




