उत्तर प्रदेश

Barabanki: गांव की सरकार को मजबूत करने की पहल, पंचायतों में जागरूकता के लिए हुआ लोक विमर्श

Lucknow Focus News Desk: बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट के विकासखंड बनीकोडर के ग्राम नरायनपुर और भुड़हरी में पंचायती व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक विशेष लोक विमर्श का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इंडिया पंचायत फाउंडेशन, पंच परमेश्वर विद्यापीठ, तीसरी सरकार अभियान उत्तर प्रदेश, और बिरजू संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायती राज अधिनियम पर आधारित शोध के तहत ग्राम पंचायतों को ‘सेल्फ गवर्नमेंट’ के रूप में स्थापित करना और जनप्रतिनिधियों को उनके अधिकारों व दायित्वों के प्रति जागरूक करना था।

इस लोक विमर्श में ग्राम पंचायतों के वार्ड सदस्य, ग्राम सभा के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम का संचालन तीसरी सरकार अभियान के जोनल कोऑर्डिनेटर रत्नेश कुमार के निर्देशन में राम कैलाश द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि पंचायतों को संविधान में तीसरी सरकार के रूप में मान्यता प्राप्त है, लेकिन अधिकांश पंचायत प्रतिनिधियों को इसकी जानकारी नहीं होती, जिससे वे अपने अधिकारों का सही इस्तेमाल नहीं कर पाते।

विमर्श के दौरान गांव के लोगों ने खुलकर बताया कि कई बार सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता से नहीं होता। पंचायत समितियां केवल कागजों पर बनती हैं और उनकी बैठकें शायद ही कभी होती हैं। जीपीडीपी (ग्राम पंचायत विकास योजना) जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की भी ग्रामीणों को जानकारी नहीं है।

बैठक में कई मुद्दों पर हुई चर्चा

लोक विमर्श में बैठकों की प्रक्रिया, कोरम, एजेंडा तय करने, ग्राम निधि के उपयोग, पुनर्विचार प्रक्रिया, समितियों के गठन और सदस्यों की भूमिका जैसे अहम विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान करीब 50 से अधिक सुझाव और सवाल सामने आए, जो यह दर्शाते हैं कि ग्रामीणों और प्रतिनिधियों को पंचायत संचालन से जुड़ी बुनियादी जानकारियों की ज़रूरत है।

राम कैलाश ने कहा, “यह विमर्श इसलिए किया जा रहा है ताकि हर मतदाता सिर्फ वोट डालने तक सीमित न रहे, बल्कि पंचायत विकास में भागीदारी निभा सके। जब पंचायत का हर सदस्य जागरूक होगा, तभी लोकतंत्र की असली ताकत गांवों तक पहुंचेगी।”

इस आयोजन में दोनों गांवों के वार्ड सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं, जिन्होंने उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी निभाई।

Related Articles

Back to top button