उत्तर प्रदेश

यूपी में फिर नाम बदलने की सियासत, बीजेपी विधायक ने गाजीपुर का नाम बदलने की मांग की, सीएम को लिखा पत्र

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में नाम बदलने की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। बलिया जिले की बांसडीह विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक केतकी सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार से गाजीपुर का नाम बदलकर महर्षि परशुराम के पिता महर्षि गौतम के नाम पर रखने का आग्रह किया है।

सोमवार, 18 अगस्त, 2025 को विधायक केतकी सिंह ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र भी लिखा है। उन्होंने कहा, ‘मैं योगी आदित्यनाथ सरकार और केंद्र से ऐसे सभी नाम बदलने का अनुरोध करूंगी जो हमें कलंक की याद दिलाते हैं, या जो आक्रमणकारियों का महिमामंडन करते हैं।’

नाम बदलने से मिलेगी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा

केतकी सिंह ने दावा किया कि गाजीपुर का इतिहास महर्षि गौतम से जुड़ा हुआ है। उन्होंने इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज किए जाने का उदाहरण देते हुए कहा कि नाम बदलने से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा, ‘जो देश अपना इतिहास भूल जाता है, वह अपना भविष्य कैसे बना सकता है? अगर आप अपनी जड़ों को भूल जाएंगे, तो आप कभी भविष्य नहीं बना पाएंगे।’

इस दौरान, उन्होंने मुगल शासक अकबर पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनकी महानता लाखों हिंदुओं की लाशों पर लिखी गई है। गौरतलब है कि इससे पहले मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भी बरेली में शाहजहांपुर जिले का नाम बदलने की मांग की थी।

Also Read: मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाने की अनूठी पहल, महानिदेशक परिवार कल्याण ने किया ‘मातृछाया’ कार्यक्रम का शुभारम्भ

Related Articles

Back to top button