यूपी की स्वास्थ्य सेवाएं बन रहीं दूसरे राज्यों के बच्चों के लिए ‘संजीवनी’! राजस्थान-एमपी के सैकड़ों नवजातों को मिल रहा नया जीवन

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में हो रहा बुनियादी सुधार अब केवल प्रदेश की सीमा तक ही सीमित नहीं है। राज्य में नवजात स्वास्थ्य सेवाओं (Newborn Health Services) के अपग्रेड होने का सीधा लाभ अब पड़ोसी राज्यों मध्यप्रदेश और राजस्थान के बच्चों को भी मिल रहा है। यूपी की आधुनिक स्वास्थ्य इकाइयां, खासकर एसएनसीयू (SNCU) और सी-पैप (C-PAP) तकनीक, दूसरे राज्यों के नवजातों के लिए जीवनदान साबित हो रही हैं।
आगरा का एसएन मेडिकल कॉलेज: सरहद पार से आ रही उम्मीदें
आगरा का सरोजनी नायडू (एसएन) मेडिकल कॉलेज आज उत्तर भारत के एक प्रमुख चिकित्सा केंद्र के रूप में उभरा है। यहां हर साल लगभग 1800 नवजात भर्ती होते हैं, जिनमें से करीब 200 बच्चे (लगभग 10%) राजस्थान और मध्यप्रदेश के होते हैं। राजस्थान के भरतपुर, धौलपुर और मध्यप्रदेश के भिंड व मुरैना जैसे एक दर्जन जिलों के अभिभावक अपने बच्चों के इलाज के लिए आगरा पर भरोसा जता रहे हैं।
राजस्थान की सुमन ने बताया कि उनके 6 दिन के बच्चे को संक्रमण और सांस की समस्या थी। आगरा में इलाज के बाद बच्चा स्वस्थ है। सुमन कहती हैं, “यह मेडिकल कॉलेज हमारे लिए वरदान है।”
सी-पैप (C-PAP) मशीन: नवजातों के लिए ‘गेम-चेंजर’
एसएनसीयू के नोडल अधिकारी प्रो. नीरज यादव और एनएचएम के महाप्रबंधक डॉ. मिलिंद वर्धन के अनुसार, सी-पैप मशीन नवजात मृत्यु दर (IMR) को कम करने में ‘गेम-चेंजिंग’ साबित हुई है। यह तकनीक बिना वेंटिलेटर के फेफड़ों तक सही अनुपात में ऑक्सीजन पहुंचाती है। वेंटिलेटर की तुलना में इसके नुकसान बेहद कम हैं और ‘कंगारू मदर केयर’ (KMC) जल्दी शुरू हो पाती है। कॉलेज में 800 से 1000 ग्राम तक के प्री-मैच्योर बच्चे भी इस तकनीक से स्वस्थ होकर घर लौटे हैं।
पूरे प्रदेश में फैला नेटवर्क: मिशन 2027 की तैयारी
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की निदेशक डॉ. पिंकी जोवेल ने बताया कि प्रदेश में बाल स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए बड़े कदम उठाए जा रहे है। वर्तमान में प्रदेश में 48 एसएनसीयू पूरी क्षमता के साथ काम कर रहे हैं। पहले चरण में 350 डॉक्टरों और स्टाफ को प्रशिक्षित किया गया है। दूसरे चरण में प्रदेश के बाकी सभी 72 यूनिट्स में ट्रेनिंग और अपग्रेडेशन का कार्य पूरा किया जाएगा।




