देश

चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 जिंदगियां खत्म, 47 लोग गंभीर रूप से घायल

Lucknow Focus News Desk: आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पहली बार खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया। इस ऐतिहासिक जीत की खुशी में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में बुधवार को एक विक्ट्री परेड और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। लेकिन जश्न का यह मौका एक दर्दनाक हादसे में बदल गया, जब अचानक मची भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई और 47 लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, यह कार्यक्रम कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें हजारों क्रिकेट प्रेमी जुटे थे। उत्साह और जोश से भरी भीड़ को संभालना मुश्किल हो गया और अचानक हालात बेकाबू हो गए। पुलिस द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश के बावजूद भगदड़ हो गई, जिसमें कई लोग दबकर घायल हो गए।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जांच के आदेश

घटना के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया। कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सरकार ने इस घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है।

कर्नाटक सरकार ने इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, राज्य के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा यह भीड़ युवाओं से भरी हुई थी, जो जोश में थे। ऐसे में बल प्रयोग करना मुमकिन नहीं था। भीड़ पूरी तरह बेकाबू हो चुकी थी, इसलिए हमें कार्यक्रम रोकना पड़ा।

उन्होंने आगे कहा कि उन्हें मृतकों की संख्या और हादसे की जानकारी बाद में मिली, और जैसे ही पूरी जानकारी मिलेगी, वे जनता को अवगत कराएंगे। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से बातचीत की और घायलों से मिलने अस्पताल रवाना हो गए। डिप्टी सीएम ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

आरसीबी की जीत का रंग मातम में बदला

18 साल के लंबे इंतजार के बाद आरसीबी ने खिताबी जीत हासिल की थी, जिसे लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल था। लेकिन जश्न के बीच यह हादसा सबको झकझोर गया। अब सवाल यह उठ रहे हैं कि क्या इस तरह के बड़े आयोजनों के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतज़ाम किए गए थे या नहीं।

सरकार और प्रशासन ने जांच के भरोसे के साथ घटना की जिम्मेदारी तय करने की बात कही है, लेकिन इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Also Read: ‘चीन ने पानी रोका तो होगा हमें फायदा’, चीन से ब्रह्मपुत्र नदी का प्रवाह रोकने की पाकिस्तान की ‘धमकी’ पर बोले CM सरमा

Related Articles

Back to top button