इन्फोटेनमेन्ट

राम चरण की फिल्म ‘द इंडिया हाउस’ के सेट पर बड़ा हादसा, रोकी गई शूटिंग

Lucknow Focus News Desk: साउथ के सुपरस्टार राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द इंडिया हाउस’ के सेट पर एक गंभीर हादसा हो गया, जिसके चलते फिल्म की शूटिंग को तत्काल प्रभाव से रोकना पड़ा है। घटना हैदराबाद के शमशाबाद इलाके में उस वक्त हुई जब एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग चल रही थी।

पानी की टंकी फटी, सेट पर मचा हड़कंप

मिली जानकारी के मुताबिक, फिल्म के एक सीन को समुद्र किनारे की लोकेशन जैसा सेट बनाकर शूट किया जा रहा था। उसी दौरान वहां मौजूद एक बड़ी पानी की टंकी अचानक फट गई, जिससे तेज़ बहाव के साथ पानी पूरे सेट में फैल गया और बाढ़ जैसी स्थिति बन गई।

तेज़ बहाव की चपेट में आकर कई क्रू मेंबर्स घायल हो गए, जिनमें एक असिस्टेंट कैमरामैन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

वायरल वीडियो ने बयां की तबाही

इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि सेट पर किस कदर तबाही मची हुई थी। पानी की तेज़ धार न केवल भारी उपकरणों को बहाकर ले जा रही थी, बल्कि लोग भी खुद को बचाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। कई लोग सेट का बचा-खुचा सामान सुरक्षित जगह पर ले जाते हुए भी दिखाई दिए।

फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हादसे के समय फिल्म के मुख्य अभिनेता निखिल सिद्धार्थ मौके पर मौजूद थे या नहीं। वहीं, राम चरण के इस दौरान सेट पर होने की भी पुष्टि नहीं हो सकी है।

प्रशासन को नहीं दी गई सूचना

हैरानी की बात ये है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद स्थानीय शमशाबाद पुलिस को अब तक कोई औपचारिक सूचना नहीं दी गई है। यही कारण है कि अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान भी सामने नहीं आया है।

शूटिंग अनिश्चितकाल के लिए टली

सेट पर भारी नुकसान और सुरक्षा को देखते हुए फिल्म की शूटिंग को फिलहाल अनिश्चितकाल के लिए रोक दिया गया है। प्रोडक्शन टीम ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, शूटिंग दोबारा शुरू होने में वक्त लग सकता है।

Also Read: कैमरे के सामने ही भिड़े स्वरा और फहाद, बोले- वैनिटी से अब तक बाहर नहीं निकले

Related Articles

Back to top button