वोटर बनने का आखिरी मौका: यूपी में आज विशेष अभियान, 2.89 करोड़ कटे हुए नामों की लिस्ट देख सकेंगे मतदाता

Lucknow Focus News Desk: अगर आप उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और आने वाले चुनावों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना चाहते हैं, तो आज का दिन आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग आज पूरे प्रदेश में ‘विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान’ चला रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वोटर लिस्ट को पूरी तरह शुद्ध और अपडेटेड बनाना है।
बूथ पर मौजूद रहेंगे BLO: अपना नाम जरूर चेक करें
आज सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक उत्तर प्रदेश के हर मतदान केंद्र (पोलिंग बूथ) पर बीएलओ (BLO) मौजूद रहेंगे। हाल ही में हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान प्रदेश में लगभग 2.89 करोड़ लोगों के नाम लिस्ट से हटाए गए हैं। आज बीएलओ इन नामों की सूची प्रदर्शित करेंगे ताकि आप यह सुनिश्चित कर सकें कि आपका या आपके परिवार का नाम कहीं गलती से तो नहीं कट गया है।
यदि आप 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, तो आप मौके पर ही फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
महिलाओं की भागीदारी पर विशेष फोकस
डाटा विश्लेषण में एक चिंताजनक बात सामने आई है कि लिस्ट से कटे हुए नामों में सबसे बड़ी संख्या महिलाओं की है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी जिलाधिकारियों को आदेश दिया है कि वे बूथ स्तर पर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र महिला मतदाता लिस्ट से बाहर न रहे। सहायक निर्वाचन अधिकारियों को विशेष रूप से महिलाओं के नाम जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
सात समंदर पार रहने वालों के लिए भी सुविधा (NRIs)
विदेशों में रह रहे भारतीयों (प्रवासी भारतीयों) को भी मतदाता बनाने के लिए चुनाव आयोग सक्रिय है।
1073 पंजीकरण: अब तक 1073 प्रवासी भारतीयों ने फॉर्म-6ए के जरिए पंजीकरण कराया है।
कैसे करें आवेदन: ऐसे भारतीय नागरिक जो शिक्षा या नौकरी के लिए विदेश में हैं (पर किसी और देश की नागरिकता नहीं ली है), वे voters.eci.gov.in या ईसीआईनेट ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
वोटिंग का नियम: ध्यान रहे कि प्रवासी भारतीयों को वोटर आईडी कार्ड जारी नहीं किया जाएगा। वे चुनाव के दिन अपना ओरिजनल पासपोर्ट दिखाकर ही वोट डाल सकेंगे।




