uncategorized

‘कोल्ड्रिफ’ कफ सिरप में मिलावट की पुष्टि, तमिलनाडु सरकार ने उत्पादन रोका; MP-राजस्थान में 11 बच्चों की हुई थी मौत

Lucknow Focus News Desk: तमिलनाडु में निर्मित खांसी की दवा ‘कोल्ड्रिफ’ को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। तमिलनाडु खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग ने शनिवार को पुष्टि की है कि चेन्नई स्थित फार्मा कंपनी के परिसर से लिए गए खांसी की दवा के नमूनों में मिलावट पाई गई है।

विभाग ने कंपनी को अपने संयंत्र में दवा का उत्पादन तत्काल रोकने का निर्देश दिया है और उससे स्पष्टीकरण मांगा है।

11 बच्चों की मौत के बाद लगा था प्रतिबंध

तमिलनाडु सरकार ने यह कदम मध्य प्रदेश और राजस्थान में कथित तौर पर इसी कफ सिरप के सेवन से 11 बच्चों की मौत होने की खबर के बाद उठाया है।

तमिलनाडु सरकार ने पहले ही 1 अक्टूबर से पूरे राज्य में ‘कोल्ड्रिफ’ ब्रांड की खांसी की दवा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था और बाजार से इसके सभी स्टॉक को हटाने का आदेश दिया था। खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने हाल ही में कांचीपुरम जिले के सुंगुवर्चत्रम स्थित कंपनी के फैक्ट्री की जाँच की थी और नमूने एकत्र किए थे।

संतोषजनक जवाब मिलने तक उत्पादन रहेगा बंद

विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जाँच में दवा के नमूने मिलावटी पाए गए हैं। उन्होंने कहा, “हमने कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा है। अगले आदेश तक कंपनी को दवा का उत्पादन बंद करने के लिए कहा गया है। कंपनी से संतोषजनक जवाब मिलने तक फैक्ट्री में उत्पादन पूरी तरह रुका रहेगा।” यह सिरप मुख्य रूप से राजस्थान, मध्य प्रदेश और पुडुचेरी में सप्लाई किया गया था।

इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में संदिग्ध गुर्दे की बीमारी से बच्चों की मौतें खांसी की दवा में ‘ब्रेक ऑयल सॉल्वेंट’ की मिलावट के कारण हुई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मध्य प्रदेश में इस घटना में अब तक 9 बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि राजस्थान में भी दो बच्चों की मौत हुई है।

Related Articles

Back to top button