Lucknow News: बीकेटी के कोटवा में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस, चबूतरा थियेटर पाठशाला में बच्चों ने गुरुजनों को दिया सम्मान

Lucknow Focus News Desk: बख्शी का तालाब स्थित कोटवा गांव में मदर सेवा संस्थान की ओर से संचालित ‘चबूतरा थियेटर पाठशाला’ (CTP) में शिक्षक दिवस का पर्व बाल एवं युवाओं द्वारा बेहद हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया और सामूहिक रूप से अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
केक काटकर महान शिक्षाविदों को किया याद
कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों और स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति में पाठशाला के संस्थापक महेश देवा द्वारा केक काटकर किया गया। बच्चों ने अपने शिक्षकों को उपहार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन, बालिका शिक्षा की अग्रदूत माता सावित्रीबाई फुले और समाज सुधारक ज्योतिराव फुले के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया।
बच्चों को कलम और नोटपैड का वितरण
मदर सेवा संस्थान के सचिव ने उपस्थित बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए स्टेशनरी (कलम और नोटपैड) का वितरण किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन का असली उजाला है, इसलिए हर बच्चे को ज्ञान अर्जन के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए।
कार्यक्रम में अंजलि, सुधीर, राजवीर, अनुज, प्रियल, सुमित, जान्हवी, वैष्णवी, मिष्ठी, अनुष्का समेत बड़ी संख्या में स्थानीय बच्चे, युवा और ग्रामीण मौजूद रहे।




