नवाजुद्दीन और दीया की मेडिकल ड्रामा सीरीज ‘डॉ. हसन’ का टीजर रिलीज, जानें कब होगी स्ट्रीम

Lucknow Focus News Desk: ओटीटी की दुनिया में जल्द ही एक अनोखी मेडिकल ड्रामा सीरीज दस्तक देने जा रही है। दिग्गज अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा स्टारर बहुप्रतीक्षित सीरीज ‘डॉ. हसन’ (Dr. Hasan) का दमदार टीजर रिलीज कर दिया गया है। स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ने सीरीज की पहली झलक साझा करने के साथ ही इसके प्रीमियर की तारीख का भी ऐलान कर दिया है। यह सीरीज आगामी 11 दिसंबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी।
मेडिकल मिस्ट्री सुलझाने में माहिर, पर अजीब व्यवहार से परेशान हैं लोग
टीजर में नवाजुद्दीन सिद्दीकी एक ऐसे असाधारण डॉक्टर के किरदार में नजर आ रहे हैं, जिनकी मेडिकल समझ और तेज दिमाग का कोई मुकाबला नहीं है। वह ऐसे पेचीदा मेडिकल मामलों की गुत्थी भी सुलझा लेते हैं, जिनका जवाब दूसरे डॉक्टरों के लिए ढूंढना नामुमकिन होता है। हालांकि, उनकी काबिलियत के साथ-साथ उनकी अजीब आदतें, अलग नजरिया और लोगों के साथ असामान्य व्यवहार उन्हें आम डॉक्टरों से अलग बनाता है। सीरीज में मेडिकल रहस्य (Mystery) के साथ ह्यूमर और मानवीय भावनाओं का दिलचस्प मेल देखने को मिलेगा।
‘डॉ. हसन’ दुनिया भर में चर्चित अमेरिकी मेडिकल ड्रामा ‘हाउस’ (House M.D.) का आधिकारिक भारतीय रूपांतरण है, जिसमें ह्यू लॉरी ने ‘डॉक्टर ग्रेगरी हाउस’ का प्रतिष्ठित किरदार निभाया था। 2004 से 2012 तक प्रसारित हुए इस शो ने पांच प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड्स और दो गोल्डन ग्लोब समेत कई बड़े सम्मान जीते थे।
‘द नाइट मैनेजर’ और ‘मिस्ट्री’ (मॉन्क का रूपांतरण) जैसे सफल अंतरराष्ट्रीय रूपांतरण देने वाले बानीजय एशिया (Banijay Asia) ने एनबीसीयूनिवर्सल फॉर्मेट्स के लाइसेंस के तहत इसे भारतीय दर्शकों की पसंद के मुताबिक तैयार किया है।
शानदार स्टार कास्ट और निर्देशन
रोहन सिप्पी के निर्देशन में बनी इस सीरीज में नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा के अलावा फैसल राशिद, रहमत रतन, जयसन थाम और स्मरण सानू भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इसकी कहानी विनय छावल और केतन पेडगांवकर ने भारतीय परिवेश के अनुरूप ढाली है, जबकि संवाद विराट बसोया ने लिखे हैं।
किरदार पर क्या बोले नवाजुद्दीन सिद्दीकी?
अपने किरदार के बारे में बात करते हुए नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि बचपन में वह अपने शहर के क्लीनिक और दवाखानों के आसपास काफी समय बिताते थे, जहां उन्हें कई दिलचस्प लोग और घटनाएं देखने को मिलती थीं। ‘डॉ. हसन’ की स्क्रिप्ट पढ़ते हुए उनकी वही पुरानी यादें ताजा हो गईं। नवाजुद्दीन के अनुसार, इस किरदार की तेज समझ और दुनिया को देखने के अनोखे नजरिए को पर्दे पर उतारना बेहद रोमांचक अनुभव रहा।




