इन्फोटेनमेन्ट

तमिल फिल्म इंडस्ट्री को लगा बड़ा झटका, वरिष्ठ अभिनेता राजेश का 75 वर्ष की उम्र में निधन

Lucknow Focus News Desk: तमिल सिनेमा से एक दुखद समाचार सामने आया है। दिग्गज अभिनेता राजेश का 75 वर्ष की उम्र में गुरुवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी और ब्लड प्रेशर की समस्या भी थी। परिवार के सदस्य उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ली।

राजेश के निधन से तमिल फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। फैंस के साथ-साथ कई फिल्मी हस्तियों ने भी गहरा दुख जताया है। सुपरस्टार रजनीकांत ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर शोक जताते हुए लिखा, “मेरे करीबी मित्र और अभिनेता राजेश के अचानक निधन की खबर से मैं स्तब्ध हूं। यह मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक है। वह एक बेहतरीन इंसान थे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”

राजेश का फिल्मी सफर

20 दिसंबर 1949 को तमिलनाडु के मन्नारगुड़ी में जन्मे राजेश ने अपने करियर की शुरुआत प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक के. बालाचंदर की फिल्म ‘अवल ओरु थोडारकाधई’ से की थी। उन्होंने अपने चार दशकों से अधिक के करियर में 150 से अधिक फिल्मों में काम किया और तमिल सिनेमा में एक खास मुकाम हासिल किया।

उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘थानीर थानीर’, ‘अंधा 7 नाटक’, और ‘पयानंगल मुदिवाधिलाई’ का नाम लिया जाता है, जो दर्शकों द्वारा बेहद सराही गईं। फिल्मों के अलावा, उन्होंने टीवी सीरियल्स जैसे ‘अलैगल’, ‘रोजा’, ‘पूवे उनक्कागा’, और ‘काना कानुम कलंगल’ में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

इसके अतिरिक्त, राजेश ने 2001 से 2016 के बीच कई तमिल फिल्मों में डबिंग आर्टिस्ट के रूप में भी कार्य किया।

परिवार में शोक

राजेश ने वर्ष 1983 में जॉन सिल्विया से विवाह किया था। उनकी पत्नी का निधन 2012 में हो गया था। उनके परिवार में एक बेटा राजेश दीपक और एक बेटी राजेश दिव्या हैं। राजेश की विदाई ने न सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री बल्कि उनके चाहने वालों को भी गहरे शोक में डाल दिया है। उनकी प्रतिभा और योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button