UP News: राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ के तहत 20 अक्टूबर से शुरू होगा कौशल प्रशिक्षण

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में राज्य सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ के अंतर्गत प्रदेश के सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में छात्रों के लिए कौशल प्रशिक्षण (स्किल ट्रेनिंग) अनिवार्य रूप से शुरू किया जाएगा। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) ने इसके लिए प्रशिक्षण प्रदाताओं को लक्ष्य आवंटित कर दिए हैं।
20 अक्टूबर तक बैच शुरू करने का निर्देश
कौशल विकास मिशन ने प्रशिक्षण प्रदाताओं को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे नियमानुसार प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करें और जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई (DPMU) से अनुमोदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद 20 अक्टूबर 2025 तक अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण बैच प्रारम्भ कर दें।
इस अवसर पर पंजीकृत प्रशिक्षणार्थियों को निःशुल्क पाठ्य सामग्री भी वितरित की जाएगी। यह वितरण प्रक्रिया जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में होगी, जिससे पूरी पारदर्शिता बनी रहे। प्रशिक्षण प्रदाताओं को पाठ्य सामग्री वितरण और बैच शुरू होने से संबंधित न्यूनतम तीन तस्वीरें और वितरण पावती रसीद को सत्यापित कराकर मिशन पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता की पंजीकरण तिथि बढ़ी
इसी बीच, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की अपर मिशन निदेशक प्रिया सिंह ने इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता-2025 के पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्रदेश की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से पंजीकरण की अंतिम तिथि अब 15 अक्टूबर 2025 तक बढ़ा दी है।
अपर मिशन निदेशक ने सभी जिला परियोजना प्रबंधन इकाइयों (DPMU) को निर्देश दिया कि वे युवाओं के पंजीकरण की गति तेज करें। उन्होंने व्यापक प्रचार-प्रसार, परामर्श शिविर और संस्थागत समन्वय के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को इस प्रतियोगिता से जोड़ने का आह्वान किया। प्रतियोगिता से जुड़ी विस्तृत जानकारी और पंजीकरण की सुविधा पोर्टल https://www.skillindiadigital.gov.in पर उपलब्ध है।
योगी सरकार का मानना है कि पारंपरिक शिक्षा के साथ रोजगारोन्मुख कौशल युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार करेगा। ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ इसी सोच का हिस्सा है।




