उत्तर प्रदेश

कृमि दिवस और फाइलेरिया अभियान को ‘जन आंदोलन’ बनाने की अपील, कूड़ा गाड़ियों से दिया जाएगा संदेश

Lucknow Focus News Desk : उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय कृमि दिवस (एनडीडी) और फाइलेरिया के सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव, पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इन अभियानों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए हर संभव प्रचार माध्यम का उपयोग करने का निर्देश दिया है। उन्होंने नगर विकास विभाग से कहा है कि कूड़ा इकट्ठा करने वाली गाड़ियों पर इन दोनों अभियानों के संदेश चलाए जाएँ ताकि व्यापक जागरूकता फैलाई जा सके।

प्रमुख सचिव ने शनिवार को एनेक्सी भवन में हुई स्टेट टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता की। इसमें स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ शिक्षा, पंचायती राज, नगर विकास, महिला एवं बाल विकास, और युवा कल्याण जैसे कई विभागों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

तैयारियों पर जोर और चेतावनी

प्रमुख सचिव ने कहा कि एनडीडी और एमडीए दोनों ही अभियान जनस्वास्थ्य के लिए बहुत ज़रूरी हैं। उन्होंने सभी विभागों से एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने जोर दिया कि दवा का सेवन सही समय पर और सही तरीके से हो, इसके लिए समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाना, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों की भागीदारी बढ़ाना और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की भूमिका बहुत अहम है।

उन्होंने बताया कि पिछले कृमि दिवस पर 909 पर्यवेक्षकों ने निजी स्कूलों में बच्चों को दवा खिलाने का काम किया था। इस बार भी निजी स्कूलों को शामिल करने का निर्देश दिया गया है। बैठक में चित्रकूट जनपद को बेहतर प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी गई।

एमडीए अभियान की समीक्षा करते हुए प्रमुख सचिव ने पिछले साल गोंडा और बाराबंकी में कम कवरेज पर चिंता जताई और दोनों जिलों को चेताया। उन्होंने यह भी बताया कि ई-कवच ऐप के माध्यम से उन लोगों का डेटा सभी 27 जिलों को दे दिया गया है, जिन्होंने पिछले साल फाइलेरिया की दवा खाने से मना कर दिया था। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अभी से ऐसे लोगों से मिलें और उन्हें दवा खाने के फायदे बताकर इसके लिए तैयार करें।

बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवेल और महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. आरपी सिंह सुमन समेत कई अधिकारियों और सहयोगी संस्थानों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव दिए। अंत में, प्रमुख सचिव ने सभी विभागों से इन अभियानों को “जन अभियान” बनाने के लिए मिलकर काम करने का निर्देश दिया।

प्रमुख तारीखें:

राष्ट्रीय कृमि दिवस (एनडीडी) 11 अगस्त को मनाया जाएगा। इसमें 1 से 19 साल के सभी बच्चों को पेट के कीड़े मारने की एल्बेंडाजोल की गोली दी जाएगी। जो बच्चे छूट जाएंगे, उन्हें 14 अगस्त को माप-अप राउंड में कवर किया जाएगा।

एमडीए अभियान 10 अगस्त से 28 अगस्त तक चलेगा। यह अभियान फाइलेरिया से प्रभावित 27 जिलों के 195 ब्लॉकों में चलाया जाएगा, जहाँ स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों को दवा खिलाएंगे।

Related Articles

Back to top button