उत्तर प्रदेश

निपुण विद्यालय आकलन 2026-27 से परखी जाएगी परिषदीय स्कूलों की गुणवत्ता, 25 नवंबर से शुरू होगा प्रशिक्षण

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने और विद्यार्थियों में बुनियादी भाषा व गणितीय दक्षताओं के विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निपुण भारत मिशन के तहत तैयारियां तेज कर दी गई हैं। निपुण विद्यालय आकलन 2026-27 को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए रोस्टर निर्माण, सत्यापन, प्रशिक्षण और आकलन की विस्तृत कार्ययोजना जारी की गई है।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी के निर्देशों के अनुसार यह आकलन दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा। पहला चरण 21 से 30 दिसंबर 2026 और दूसरा चरण 20 से 30 जनवरी 2027 के बीच प्रस्तावित है। पूरी प्रक्रिया में रोस्टर निर्माण, सत्यापन, प्रशिक्षण और ‘निपुण लक्ष्य’ ऐप पर व्यावहारिक अभ्यास को शामिल किया गया है, ताकि जिलों में एकरूपता और पारदर्शिता के साथ आकलन किया जा सके।

25 नवंबर से शुरू होगा प्रशिक्षण कार्यक्रम

25 नवंबर (पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक): राज्य परियोजना कार्यालय की ओर से रोस्टर निर्माण प्रक्रिया पर ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसमें डायट प्राचार्य व नोडल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA), खंड शिक्षा अधिकारी (BEO), जिला समन्वयक (प्रशिक्षण), जिला समन्वयक (निपुण भारत मिशन) और समग्र शिक्षा के SRG सदस्य शामिल होंगे।

27 नवंबर: रोस्टर सत्यापन, प्रशिक्षण प्रतिवेदन, आकलन प्रक्रिया के क्रियान्वयन और ‘निपुण लक्ष्य’ ऐप पर व्यावहारिक अभ्यास का प्रशिक्षण आयोजित होगा, जिसमें सभी जनपदों के जिला समन्वयक (प्रशिक्षण)/प्रभारी समन्वयक और नवचयनित SRG सदस्य भाग लेंगे।

30 नवंबर: SCERT, उत्तर प्रदेश में निपुण भारत मिशन पर अभिमुखीकरण और ‘निपुण लक्ष्य’ ऐप पर हैंड्स-ऑन अभ्यास कराया जाएगा, जिसमें सभी जिलों के जिला समन्वयक (निपुण भारत मिशन) शामिल होंगे।

डायट स्तर पर प्रशिक्षण और 30 नवंबर तक रोस्टर भेजने के निर्देश

3 व 4 दिसंबर: प्रदेश के सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIET) में प्रशिक्षण सत्र आयोजित होंगे, जिनमें डायट प्राचार्य, प्रवक्ता, जिला समन्वयक (प्रशिक्षण व निपुण भारत मिशन), SRG, ARP, D.El.Ed प्रशिक्षु और राज्य परियोजना कार्यालय के तकनीकी सदस्य सहभागिता करेंगे।

15 दिसंबर: निपुण विद्यालय आकलन के लिए रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।

रोस्टर की समयसीमा: निर्देश के अनुसार विद्यालयों का रोस्टर प्राचार्य व डायट के माध्यम से तैयार कराकर 30 नवंबर 2026 तक राज्य परियोजना कार्यालय को भेजना अनिवार्य होगा।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा का बयान

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि “निपुण विद्यालय आकलन के माध्यम से हम बच्चों की बुनियादी भाषा एवं गणितीय दक्षताओं का आकलन कर सीखने के स्तर में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठा रहे हैं। रोस्टर निर्माण, सत्यापन और प्रशिक्षण की सुव्यवस्थित प्रक्रिया के साथ हमारा प्रयास है कि आकलन का प्रभावी क्रियान्वयन हो और प्रत्येक बच्चे को कक्षा के अनुरूप दक्षताएं हासिल हों।”

Related Articles

Back to top button