लखनऊ

‘उनका हाइड्रोजन बम दीवाली का पटाखा साबित हुआ’, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का राहुल गांधी पर तीखा हमला

Lucknow Focus News Desk: लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली के हालिया घटनाक्रम और विपक्ष के तेवरों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल नौजवानों की ऊर्जा का इस्तेमाल देश में अराजकता फैलाने और हिंसा के जरिए ‘रिजीम चेंज’ (सत्ता परिवर्तन) करने के लिए कर रहे हैं। राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि उनका असली निशाना मुख्य चुनाव आयुक्त या एसआईआर (SIR) नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को ध्वस्त करना है।

‘लोकतंत्र अराजकता का लाइसेंस नहीं’

रक्षामंत्री ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि लोकतंत्र का मतलब अराजकता फैलाना या भारत के विकास में बाधा डालना नहीं है। राहुल गांधी को देश के जनमत का सम्मान करना चाहिए।

तंज कसते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के दावे और तथाकथित ‘हाइड्रोजन बम’ जैसे आरोप अंततः दीवाली के फुस्स पटाखे साबित हुए हैं।

‘वोट चोरी नहीं, काम चोरी है हार की वजह’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लगातार पराजय का कारण वोट चोरी नहीं बल्कि ‘काम चोरी’ है। 1984 के बाद से कांग्रेस को कभी पूर्ण बहुमत नहीं मिला, जबकि मात्र दो सीटों से सफर शुरू करने वाली भाजपा ने 2014 और 2019 में अपने दम पर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई।

संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप

राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा ने कभी चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल नहीं उठाए, लेकिन कांग्रेस लगातार चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रही है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों का भी संज्ञान लेने की बात कही।

अपने संबोधन के अंत में राजनाथ सिंह ने कांग्रेस के इतिहास पर प्रहार करते हुए कहा कि उनके शासनकाल में तीन बड़े अक्षम्य अपराध हुए- देश में आपातकाल (इमरजेंसी) लगाना, 1984 का सिख नरसंहार, और 1990 में रामभक्तों पर गोली चलाने वालों की सरकार को बचाना।

Related Articles

Back to top button