उत्तर प्रदेशलखनऊ

यूपी में ‘बम’ का खौफ: लखनऊ, अयोध्या और काशी समेत 19 कचहरियों को उड़ाने की धमकी, खाली कराए गए परिसर

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के न्यायिक परिसरों पर आज सुरक्षा का बड़ा संकट मंडराता दिखा। प्रदेश के 19 महत्वपूर्ण जिलों की कचहरियों को एक साथ बम से उड़ाने वाला धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। राजधानी लखनऊ से लेकर अयोध्या और वाराणसी तक, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

ईमेल में क्या लिखा था?

सूत्रों के मुताबिक, यह धमकी भरा मेल जिला जजों की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया था। हिंदी में लिखे इस संदेश में बेहद डरावनी चेतावनी दी गई थी। ईमेल में लिखा था “आज दोपहर डेढ़ बजे जुम्मे की नमाज के बाद कचहरी को बम से उड़ा दिया जाएगा। बच सको तो बच लो।”

मचा हड़कंप, कोर्ट रूम खाली कराए गए

जैसे ही इस ईमेल की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को मिली, तत्काल एक्शन लिया गया। लखनऊ के कैसरबाग स्थित सिविल कोर्ट, अयोध्या और वाराणसी की कचहरियों को तुरंत वकीलों और वादकारियों से खाली करा लिया गया। बम निरोधक दस्ता (BDDS), डॉग स्क्वायड और एलआईयू (LIU) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। कोर्ट के हर कोने, एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स की गहन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा कारणों से फिलहाल अदालती कामकाज रोक दिया गया है और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है।

अधिकारी संभाल रहे कमान

लखनऊ के सिविल कोर्ट में सीओ सिटी और भारी पुलिस बल तैनात है। वहीं अयोध्या और अन्य जिलों में सीजेएम (CJM) खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने जनता और वकीलों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।

जांच के घेरे में ‘धमकी’

पुलिस की साइबर सेल और टेक्निकल टीमें यह पता लगाने में जुट गई हैं कि यह ईमेल कहाँ से जनरेट हुआ और इसका आईपी एड्रेस क्या है। अधिकारी यह भी जांच रहे हैं कि क्या यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश।

Related Articles

Back to top button