उत्तर प्रदेशलखनऊ

हाथरस में बसपा का चुनावी शंखनाद: सादाबाद से डॉ. अविन शर्मा प्रत्याशी घोषित, जनसभा में जमकर गरजे आकाश आनंद

Lucknow Focus News Desk: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारियों का बिगुल फूंक दिया है। सादाबाद के उत्सव गार्डन में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने सादाबाद विधानसभा प्रभारी डॉ. अविन शर्मा को आगामी चुनाव के लिए पार्टी का आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया। अपने संबोधन के दौरान आकाश आनंद ने केंद्र और राज्य की सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए, साथ ही सपा और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा।

अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर ‘अंकल’ तंज

बसपा सुप्रीमो मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को “अंकल” कहकर संबोधित किया। अपने इस बयान का बचाव करते हुए उन्होंने कहा, “मेरी उम्र 30 साल है और अखिलेश यादव 50 साल के हैं। 50 साल के व्यक्ति को वृद्ध अंकल न कहें तो और क्या कहें?” उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल उम्र के अंतर को दर्शाता है और इसमें कोई अनादर नहीं है।

राहुल गांधी की “संविधान बचाओ” मुहिम पर कटाक्ष करते हुए आकाश आनंद ने कहा कि राहुल गांधी जो किताब लेकर घूमते हैं, अगर उसके पन्ने पलट दिए जाएं तो वे खाली मिलेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित राज्यों में वही काम हो रहा है जो यूपी में भाजपा कर रही है, जो उनकी कथनी और करनी के विरोधाभास को उजागर करता है।

महंगाई और एथेनॉल पेट्रोल पर सरकार को घेरा

भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए आकाश आनंद ने आरोप लगाया कि सरकार एथेनॉल पेट्रोल के नाम पर आम जनता को ₹110 में गन्ने का रस बेच रही है। गन्ने से एथेनॉल बनाने का लाभ किसानों और उपभोक्ताओं को मिलने के बजाय महंगाई का बोझ बढ़ाया जा रहा है।

इसके साथ ही उन्होंने रसोई गैस की कीमतों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि 2014 में करीब ₹400 में मिलने वाला सिलिंडर आज ₹1,200 का हो चुका है, जबकि 2014 में यही भाजपा नेता सड़कों पर विरोध प्रदर्शन करते थे।

एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता और विज्ञापनों पर सवाल

देश में बुनियादी ढांचे के विकास पर सवाल उठाते हुए बसपा नेता ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे खराब गुणवत्ता और गड्ढों के उदाहरण हैं, जो यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। इसके विपरीत, उन्होंने मायावती के शासनकाल में बने आगरा-नोएडा एक्सप्रेस-वे की सराहना करते हुए कहा कि इतने वर्षों बाद भी उसमें एक गड्ढा नहीं है।

उन्होंने भाजपा सरकार पर अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए जनता के टैक्स के पैसों की बर्बादी का आरोप लगाया। आकाश आनंद के अनुसार, उत्तर प्रदेश सरकार ने 2017 से अब तक केवल विज्ञापनों पर ₹7,000 करोड़ से अधिक खर्च कर दिए हैं।

Also Read: ‘गुरु ज्ञान के बिना जीवन की सफलता संभव नहीं’, बाराबंकी में शान्तिपुरम सेवा समिति की सभा में बोले सुरेश चन्द्र बैसवार

Related Articles

Back to top button