बिजनेस

ईंधन संकट की अफवाहों पर लगाम: HPCL का बड़ा बयान- देश में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार, घबराएं नहीं जनता

Lucknow Focus News Desk: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ (Strait of Hormuz) को लेकर जारी वैश्विक आशंकाओं के बीच हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने देशवासियों को बड़ी राहत दी है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि भारत की ऊर्जा आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित और स्थिर है। देशभर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी (LPG) की कोई कमी नहीं है और सभी फ्यूल स्टेशन सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं।

रिफाइनरियां फुल कैपेसिटी पर, भंडार है भरपूर

HPCL ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए बताया कि देश की ईंधन आपूर्ति प्रणाली सुचारु रूप से काम कर रही है। भारत की रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं। भविष्य की जरूरतों के लिए भी कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार सुरक्षित कर लिया गया है।

कंपनी के अनुसार, घरेलू उत्पादन में वृद्धि हुई है और वैश्विक स्रोतों से आयात भी पूरी तरह सुरक्षित है, जिससे वर्तमान मांग को आसानी से पूरा किया जा रहा है। कंपनी ने यह भी साफ किया कि पीएनजी (PNG) नेटवर्क का विस्तार देश की दीर्घकालिक रणनीति है और इसका मौजूदा ईंधन की उपलब्धता पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं है।

अफवाहों और भीड़ पर कंपनी का रुख

पिछले कुछ दिनों में पेट्रोल पंपों पर देखी गई लंबी कतारों को लेकर HPCL ने स्थिति स्पष्ट की है “पंपों पर बढ़ रही भीड़ केवल गलत जानकारी (मिसइन्फॉर्मेशन) और अफवाहों के कारण है। जनता से अपील है कि वे ‘पैनिक’ न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें। सप्लाई में कहीं भी कोई बाधा नहीं है।”

क्यों बनी है चिंता की स्थिति?

गौरतलब है कि अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के चलते होर्मुज जलडमरूमध्य पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। वैश्विक स्तर पर लगभग 20% कच्चे तेल की सप्लाई इसी मार्ग से होती है। भारत भी अपने कुल तेल आयात का करीब 12 से 15% इसी रास्ते से करता है। इसी को देखते हुए बाजार में भ्रांतियां फैल रही थीं, जिस पर अब तेल कंपनियों ने विराम लगा दिया है।

Also Read: UP वोटर लिस्ट: 13.25 करोड़ के पार पहुंच सकता है आंकड़ा, 10 अप्रैल को आएगी अंतिम सूची

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button