टीबी मरीजों को भुगतान के लिए नई व्यवस्था लागू, अब SNA SPARSH पोर्टल से होगा भुगतान

Lucknow Focus News Desk: राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित निक्षय पोषण योजना के लाभार्थियों को दी जाने वाली पोषण सहायता की भुगतान प्रक्रिया में अहम परिवर्तन किया गया है। अब तक यह भुगतान PFMS पोर्टल तथा निक्षय पोर्टल के माध्यम से किया जाता था, परंतु अब यह भुगतान सीधे SNA SPARSH पोर्टल एवं निक्षय पोर्टल की समन्वित प्रक्रिया से किया जाएगा।
केंद्र सरकार के इस फैसले पर राज्य क्षय रोग अधिकारी डॉ ऋषि कुमार सक्सेना ने बताया कि यह व्यवस्था रोगियों को समय पर पोषण सहायता उपलब्ध कराने और भुगतान प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी व सुगम बनाने के उद्देश्य से लागू की गई है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक डॉ पिंकी जोवेल ने पत्र के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों, मुख्य चिकित्सा अधिकारियों तथा जिला क्षय रोग अधिकारियों से अपेक्षा की है कि वे निर्देशित प्रक्रिया के अनुसार SNA SPARSH पोर्टल के माध्यम से निक्षय पोषण योजना के भुगतान को समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करें, ताकि टीबी मरीजों को आवश्यक पोषण सहायता नियमित रूप से मिलती रहे और राज्य में क्षय रोग उन्मूलन के लक्ष्य की दिशा में ठोस प्रगति सुनिश्चित की जा सके।
नई भुगतान व्यवस्था का उद्देश्य
• टीबी रोगियों को पोषण सहायता की राशि समय पर एवं सीधे उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराना
• भुगतान प्रक्रिया को पूर्णतः डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) आधारित, पारदर्शी तथा जवाबदेह बनाना
• डुप्लीकेट भुगतान की संभावना को समाप्त करना और योजना के अंतर्गत आवंटित धनराशि के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करना




