उत्तर प्रदेश

बाराबंकी: बनीकोडर में ‘चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल’ में भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह, छात्रों और कवियों को भी मिला सम्मान

Lucknow Focus News Desk बाराबंकी जिले के बनीकोडर ब्लॉक के ग्राम छंदवल में बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा संचालित ‘चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल’ में शुक्रवार, 15 अगस्त, 2025 को 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा उत्तर प्रदेश के संयुक्त निदेशक विवेक नौटियाल ने कार्यक्रम में उपस्थित रहकर छात्रों का उत्साहवर्धन किया।

छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति और प्रकृति प्रेम पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें देखकर श्री नौटियाल ने बच्चों को मेडल और पुरस्कार देकर उनका हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस अपने वीर योद्धाओं को नमन करने और संकल्प लेने का राष्ट्रीय त्यौहार है।

समारोह की शोभा एक शानदार कवि सम्मेलन ने बढ़ाई, जिसमें ख्याति प्राप्त रचनाकार ओज कवि ओपी वर्मा “ओम जी”, हास्य व्यंग्य के कवि अजय प्रधान, अनिल कुमार श्रीवास्तव “लल्लू जी”, कवियत्री लता श्रीवास्तव, गीतकार साहब नारायण शर्मा और सोहन आजाद सहित कई रचनाकारों ने अपनी देशभक्ति की रचनाएँ पढ़कर आजादी के नायकों को नमन किया। संयुक्त निदेशक नौटियाल ने सभी रचनाकारों को सम्मानित किया।

ध्वजारोहण समारोह की मुख्य अतिथि पूर्व ऑनरेरी न्यायिक मजिस्ट्रेट कवियत्री श्रीमती लता श्रीवास्तव रहीं। इसके अलावा, स्कूल के स्काउट एवं गाइड लीडर ट्रेनर राम आसरे, गाइड कमिश्नर श्रीमती बालजती और रेडक्रॉस के चेयरमैन शैलेंद्र सिंह को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में स्कूल के 182 छात्रों, अन्य स्कूलों के 75 से अधिक छात्रों और 150 से अधिक अभिभावकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

Also Read: बृजक्षेत्र में लौटेगा द्वापर युग, सीएम योगी ने की 30 हजार करोड़ के मास्टरप्लान की घोषणा

 

Related Articles

Back to top button