बिजनेस

1 अगस्त से बदल जाएंगे कई वित्तीय नियम, जेब पर पड़ सकता है असर

Lucknow Focus News Desk: अगस्त का महीना शुरू होते ही आम आदमी के लिए कई वित्तीय बदलाव होने जा रहे हैं। ये बदलाव न केवल आपके डिजिटल लेन-देन बल्कि रसोई से लेकर यात्रा तक पर असर डाल सकते हैं। आइए जानते हैं किन 6 बदलावों पर सबकी नजर है।

  1. यूपीआई लेन-देन के नए नियम लागू

भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) ने UPI यूजर्स के लिए नियमों में बड़ा बदलाव किया है। पेटीएम, फोनपे और गूगल पे जैसे ऐप पर अब दिन में केवल 50 बार अकाउंट बैलेंस चेक किया जा सकेगा और बैंक अकाउंट से जुड़ी डिटेल अधिकतम 25 बार ही देखी जा सकेगी। ऑटो-पे के लिए भी समय निर्धारित कर दिया गया है सुबह 10 बजे से पहले, दोपहर 1 से शाम 5 बजे के बीच और रात 9:30 बजे के बाद ही ऑटो पेमेंट संभव होगा।

  1. एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा

1 अगस्त को तेल कंपनियां घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कीमतों की समीक्षा करेंगी। पिछले महीने जहां कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 60 रुपये सस्ता हुआ था, वहीं इस बार उम्मीद है कि घरेलू एलपीजी के दाम में राहत मिल सकती है। अगर ऐसा होता है तो रसोई का खर्च थोड़ा हल्का हो सकता है।

  1. CNG और PNG की कीमतों में बदलाव की संभावना

9 अप्रैल से सीएनजी और पीएनजी के दाम स्थिर हैं, लेकिन 1 अगस्त से इनकी कीमतों में बदलाव हो सकता है। अगर दरें बढ़ीं, तो यात्रा और रसोई दोनों का खर्च बढ़ सकता है।

  1. एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की दरें बदलेंगी

1 अगस्त को एटीएफ की कीमतों में बदलाव संभावित है। यदि दरें बढ़ीं, तो एयरलाइंस अतिरिक्त लागत यात्रियों पर डाल सकती हैं, जिससे एयर टिकट महंगे हो सकते हैं। ऐसे में अगस्त में यात्रा करने वालों को एडवांस बुकिंग की सलाह दी जा रही है।

  1. एसबीआई कार्ड पर मुफ्त हवाई दुर्घटना बीमा खत्म

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) 11 अगस्त 2025 से अपने कई को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड्स पर मुफ्त एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर बंद करने जा रहा है। पहले इन कार्ड्स पर 50 लाख से 1 करोड़ रुपये तक का मुफ्त बीमा मिलता था, जो अब नहीं मिलेगा।

  1. यात्रा और दैनिक खर्चों पर असर

इन बदलावों से न केवल डिजिटल लेन-देन, बल्कि गैस सिलेंडर, ऑटो-टैक्सी यात्रा और एयर टिकट की कीमतों पर भी सीधा असर पड़ सकता है।

Also Read: शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला जारी: सेंसेक्स 593 अंक टूटा, निफ्टी भी 201 अंक लुढ़का

Related Articles

Back to top button