Hrithik Roshan: फिल्मों के साथ कमाई के भी किंग, जानिए बॉलीवुड के सबसे अमीर स्टारकिड की कहानी

Lucknow Focus News Desk: बॉलीवुड में कई ऐसे स्टारकिड्स हुए हैं जिन्होंने अपने माता-पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए फिल्मी दुनिया में कदम रखा। किसी ने खूब नाम कमाया तो कोई कुछ फिल्मों के बाद ही गुमनामी में चला गया। लेकिन कुछ ऐसे भी हैं जिन्होंने न सिर्फ इंडस्ट्री में खुद को साबित किया, बल्कि शोहरत और दौलत के मामले में बाकी स्टारकिड्स को काफी पीछे छोड़ दिया।
हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड के हैंडसम हंक ऋतिक रोशन की, जो निर्माता-निर्देशक राकेश रोशन के बेटे हैं। ऋतिक सिर्फ एक सफल एक्टर ही नहीं, बल्कि सबसे अमीर स्टारकिड्स में भी शुमार हैं।
3,130 करोड़ की नेटवर्थ के मालिक
GQ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, ऋतिक रोशन की कुल संपत्ति 3130 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में वह आलिया भट्ट, रणबीर कपूर, जाह्नवी कपूर जैसे कई फेमस स्टारकिड्स से कहीं आगे हैं। उन्होंने न सिर्फ एक्टिंग से, बल्कि ब्रांड एंडोर्समेंट, प्रोडक्शन और बिजनेस वेंचर्स से भी जबरदस्त कमाई की है।
‘कहो ना प्यार है’ से बनी थी पहचान
साल 2000 में आई फिल्म ‘कहो ना… प्यार है’ से ऋतिक ने बॉलीवुड में डेब्यू किया और रातों-रात सुपरस्टार बन गए। इसके बाद उन्होंने ‘कृष’, ‘धूम 2’, ‘जोधा अकबर’, ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’, ‘वॉर’ जैसी कई हिट फिल्में दीं। हर फिल्म ने उनके फैनबेस और ब्रांड वैल्यू को और ऊंचा किया।
एक्टिंग ही नहीं, बिजनेस में भी सुपरहिट
ऋतिक की कमाई सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है। उनका खुद का प्रोडक्शन हाउस फिल्मक्राफ्ट है और वह अपने फिटनेस व लाइफस्टाइल ब्रांड HRX के ज़रिए भी बड़ी कमाई करते हैं। Financial Express की रिपोर्ट के अनुसार, अकेले HRX ब्रांड की वैल्यू करीब 7300 करोड़ रुपये है।
लग्जरी लाइफस्टाइल के भी हैं बादशाह
ऋतिक का रहन-सहन भी उनकी सफलता की तरह शानदार है। उनके पास मुंबई में एक सी-फेसिंग लग्जरी अपार्टमेंट है, वहीं लोनावाला में उनका फार्महाउस भी है। कारों की बात करें तो उनके गैराज में Rolls Royce Ghost Series 2, Mercedes Maybach और Maserati Spyder जैसी लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं।
आगे क्या कर रहे हैं ऋतिक?
वर्क फ्रंट की बात करें तो ऋतिक इस वक्त ‘वॉर 2’ में जूनियर एनटीआर और कियारा आडवाणी के साथ नजर आने वाले हैं। इसके अलावा वह अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाते हुए ‘कृष 4’ में एक्टिंग के साथ-साथ डायरेक्शन की कमान भी खुद संभालेंगे।




