Meesho को शेयर बाज़ार में उतरने की हरी झंडी, IPO से जुटाएगा 4,250 करोड़ रुपये

Lucknow Focus News Desk: देश के तेजी से उभरते ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Meesho ने अब शेयर बाजार की राह पकड़ ली है। कंपनी को अपने शेयरधारकों से 4,250 करोड़ रुपये जुटाने के लिए IPO लाने की मंजूरी मिल गई है। यह फैसला 25 जून को हुई एक विशेष आम बैठक (EGM) में लिया गया, जिसकी जानकारी 27 जून को रेगुलेटरी फाइलिंग के ज़रिए सामने आई।
Meesho इस आईपीओ के तहत ताज़ा शेयर जारी करेगा और साथ ही कुछ मौजूदा निवेशक भी अपने हिस्से के शेयर बेचेंगे। हालांकि अभी इस सार्वजनिक निर्गम (IPO) का सटीक आकार तय नहीं हुआ है। कंपनी को इसके लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल करना होगा।
Confidential Route से दाखिल होगा प्रस्ताव
जानकारी के मुताबिक, Meesho SEBI में यह दस्तावेज़ ‘गोपनीय फाइलिंग’ प्रक्रिया के तहत जमा कराने की योजना बना रहा है। एक बार SEBI की मंजूरी मिलते ही, कंपनी सार्वजनिक रूप से निवेशकों से पूंजी जुटाने का रास्ता साफ कर सकेगी।
लीडरशिप में बड़ा बदलाव, CEO विदित आत्रे बने चेयरमैन
IPO से पहले Meesho ने अपनी लीडरशिप को भी मजबूत किया है। शेयरधारकों ने कंपनी के सह-संस्थापक और CEO विदित आत्रे को अब कंपनी का चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त करने की भी अनुमति दे दी है।
अमेरिका से भारत लौटा Meesho, मिला नया नाम
Meesho ने एक और अहम रणनीतिक कदम उठाया है कंपनी ने अमेरिका से अपना कानूनी ठिकाना हटाकर अब भारत में अपना हेडक्वार्टर बना लिया है। पहले यह कंपनी Delaware (US) में Meesho Inc. के नाम से रजिस्टर्ड थी, जिसे अब भारत की यूनिट Fashnear Technologies Pvt. Ltd. में मिला दिया गया है।
बेंगलुरु की नेशनल कंपनी लॉ ट्राइब्यूनल (NCLT) से इस विलय को मंजूरी मिल चुकी है। इसके बाद भारत सरकार के कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय ने 13 मई को एक प्रमाणपत्र जारी कर Meesho का आधिकारिक नाम Meesho Private Limited कर दिया है।
भारतीय निवेशकों के लिए खुलेंगे नए दरवाज़े
Meesho की इस वापसी को घरेलू लिस्टिंग की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। Flipkart जैसी अन्य बड़ी कंपनियां भी इसी राह पर हैं, जो विदेशी डोमिसाइल छोड़कर भारतीय बाजार में लिस्टिंग की तैयारी कर रही हैं। इससे भारतीय निवेशकों को भी इन यूनिकॉर्न स्टार्टअप्स की ग्रोथ स्टोरी में भागीदार बनने का मौका मिलेगा।
स्टार्टअप IPO बाजार में हलचल तय
Meesho का IPO भारतीय स्टार्टअप सेक्टर में नया मोड़ ला सकता है। कंपनी का भारत लौटना और खुद को सार्वजनिक करने की तैयारी इस ओर इशारा करती है कि अब देश की नई पीढ़ी की कंपनियां घरेलू निवेशकों को भी अपनी कामयाबी में हिस्सेदार बनाना चाहती हैं।




