यूपी दिवस और गणतंत्र दिवस का तोहफा: राष्ट्र प्रेरणा स्थल में 3 दिन ‘फ्री एंट्री’, कर्तव्य पथ पर दिखेगा लखपति दीदियों का जलवा

Lucknow Focus News Desk: आज से उत्तर प्रदेश के शौर्य और संस्कृति का उत्सव यानी ‘यूपी दिवस’ शुरू हो रहा है। इस मौके पर लखनऊ वासियों और पर्यटकों के लिए दोहरी खुशी की खबर है। बसंतकुंज स्थित शानदार राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आज से अगले तीन दिनों तक प्रवेश के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल: कब क्या रहेगा फ्री?
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के आदेशानुसार, यूपी दिवस और गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में लोग बिना टिकट भ्रमण कर सकेंगे।
तारीख: 24, 25 और 26 जनवरी को प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है।
गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस 65 एकड़ में फैले भव्य परिसर से यूपी दिवस का शुभारंभ करेंगे।
ध्यान रहे कि प्रेरणा स्थल में प्रवेश तो मुफ्त है, लेकिन म्यूजियम देखने के लिए 50 रुपये का टिकट लगेगा। हालांकि, 26 जनवरी को म्यूजियम भी सभी के लिए फ्री रहेगा।
गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के दिन लखनऊ के अन्य प्रमुख पार्क जैसे जनेश्वर मिश्र पार्क, लोहिया पार्क और अंबेडकर पार्क में भी एंट्री फ्री रहेगी।
दिल्ली के ‘कर्तव्य पथ’ पर यूपी की 14 ‘लखपति दीदियां’
इस बार गणतंत्र दिवस परेड में उत्तर प्रदेश की महिलाएं पूरी दुनिया को अपनी आत्मनिर्भरता की ताकत दिखाएंगी।
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी 14 लखपति दीदियों को परेड में शामिल होने के लिए दिल्ली आमंत्रित किया गया है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को इन दीदियों को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए रवाना किया। ये महिलाएं पशुपालन, ई-रिक्शा संचालन, मसाला निर्माण और जन सुविधा केंद्र जैसे कार्यों से आत्मनिर्भर बनी हैं। सरकार का लक्ष्य प्रदेश की 1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का है, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें।
सैलानियों के लिए जरूरी जानकारी
अगर आप आज राष्ट्र प्रेरणा स्थल जाने का प्लान बना रहे हैं, तो भारी भीड़ और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए समय से घर से निकलें। उद्घाटन समारोह के चलते सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे, लेकिन आम जनता के लिए उत्सव का माहौल बेहद खास होने वाला है।




