कर्मचारी राजनीति का केंद्र बनेगी अयोध्या, 9 मई से PWD कार्मिकों का दो दिवसीय महामंथन शुरू

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग (PWD) के सर्किल ऑफिसेस मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन ने अपने भविष्य की रणनीति और कर्मचारी एकता को मजबूत करने के लिए रामनगरी अयोध्या को चुना है। एसोसिएशन का दो दिवसीय प्रांतीय द्विवार्षिक अधिवेशन आगामी 9 और 10 मई को अयोध्या में आयोजित किया जाएगा।
विभागीय अनुमति और अवकाश जारी
एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष सुनील यादव ने इस महत्वपूर्ण आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि अधिवेशन की महत्ता को देखते हुए विभाग ने कर्मचारियों को अवकाश और मुख्यालय छोड़ने की औपचारिक अनुमति जारी कर दी है। इससे प्रदेश भर के सर्किल कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के जुटने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
नई कार्यकारिणी और पदाधिकारियों का होगा चुनाव
अधिवेशन का मुख्य आकर्षण नई प्रांतीय कार्यकारिणी का गठन होगा। इस दौरान प्रदेश भर से आए मिनिस्ट्रीयल कार्मिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नए अध्यक्ष, महामंत्री और अन्य पदाधिकारियों का चुनाव करेंगे।
जे.पी. तिवारी रखेंगे प्रगति रिपोर्ट
कार्यक्रम के दौरान वर्तमान महामंत्री जे.पी. तिवारी मौजूदा कार्यकारिणी द्वारा पिछले दो वर्षों में किए गए कार्यों और कार्यवाही का लेखा-जोखा सदन के सामने रखेंगे। इसी रिपोर्ट और चर्चा के आधार पर संगठन की भावी दिशा तय की जाएगी। सुनील यादव द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह अधिवेशन कर्मचारियों की मांगों और उनके हितों की रक्षा के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।




