उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव 1.0: लखनऊ में जुटे वैश्विक निवेशक, 11 कंपनियों से हुआ एमओयू

Lucknow Focus News Desk: राजधानी लखनऊ में मंगलवार को उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव 1.0 का भव्य आयोजन किया गया। होटल ताज में हुए इस कार्यक्रम में देश-विदेश से आए निवेशक और उद्यमी शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की मौजूदगी रही। इस अवसर पर राज्य सरकार ने 11 कंपनियों के साथ एमओयू साइन किए, जिनके तहत मेडिकल डिवाइस और नई दवाओं के शोध पर मिलकर काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में इन्सेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारी को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में सुरक्षा का माहौल नहीं था, जिसके कारण पहले से स्थापित उद्योग भी पलायन कर रहे थे। सरकार ने सत्ता में आते ही जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई, जिससे आज अपराधियों में किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाता।
अब तक मिले 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को अब तक करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं और राज्य में बेरोजगारी दर देश में सबसे कम स्तर पर है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के पास अब मजबूत लैंड बैंक है और जब सभी मिलकर प्रयास करते हैं तो सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। ललितपुर में प्रदेश के पहले फार्मा पार्क के लिए भूमि अधिग्रहण कर विकास कार्य को आगे बढ़ाया गया है। साथ ही उत्तर प्रदेश में सेंटर लेवल की आधुनिक लैबोरेट्री पहले से ही मौजूद है, जो फार्मा सेक्टर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद करेगी।




