कांशीराम जयंती: मायावती बोलीं – सपा का PDA महज छलावा, भाजपा-कांग्रेस से भी रहें सावधान

Lucknow Focus News Desk: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बसपा संस्थापक मान्यवर कांशीराम की 92वीं जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा), भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और बहुजन समाज को ‘सत्ता की मास्टर चाबी’ हासिल करने का आह्वान किया।
विपक्षी दलों पर कड़ा प्रहार
मायावती ने मॉल एवेन्यू स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विपक्षी पार्टियों की नियत पर सवाल उठाए। उन्होंने सपा के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे को एक ‘छलावा’ करार दिया। उन्होंने कहा कि सपा और अन्य दलों को इन वर्गों की याद केवल चुनाव के समय आती है।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा की तरह सपा भी बहुजन समाज की हितकारी नहीं है। इन दलों से कल्याण की उम्मीद करना “रेगिस्तान में पानी तलाशने” जैसा है। उन्होंने उन लोगों से भी दूरी बनाने की सलाह दी जो निजी लाभ के लिए पार्टी और मूवमेंट से दगा कर दूसरे दलों का दामन थाम लेते हैं।
कांशीराम के लिए ‘भारत रत्न’ की मांग
मायावती ने केंद्र सरकार से एक बार फिर मान्यवर कांशीराम को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से नवाजने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि समतामूलक समाज के निर्माण में कांशीराम जी का योगदान ऐतिहासिक है। कांग्रेस की तरह वर्तमान भाजपा सरकार को भी उन्हें सम्मानित करने में अब और देरी नहीं करनी चाहिए।
संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन
कांशीराम जयंती के अवसर पर बसपा ने अपनी सांगठनिक मजबूती का परिचय दिया। मायावती के निर्देश पर लखनऊ के कांशीराम स्मारक स्थल पर प्रदेश के 12 मंडलों के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। नोएडा में 6 मंडलों का कार्यक्रम हुआ, जबकि उत्तर प्रदेश के बाहर 8 अन्य राज्यों में भी बड़े स्तर पर जयंती मनाई गई। पार्टी के केंद्रीय संयोजक आकाश आनंद ने राजस्थान के भरतपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित कर मिशनरी राजनीति का संदेश दिया।
मायावती ने समर्थकों से अपील की कि वे ‘मिशनरी अंबेडकरवादी’ बनें और वोटों के बिखराव को रोककर बसपा को मजबूत करें, क्योंकि बसपा ही डॉ. अंबेडकर के सिद्धांतों पर चलने वाली एकमात्र ‘असली पार्टी’ है।
Also Read: जहां कांग्रेस की सोच खत्म होती है, वहां से भाजपा का काम शुरू होता है: PM मोदी




