Gold-Silver Price Today: सोने की कीमतों में फिर लगी आग, 1.50 लाख के पार निकला भाव, चांदी ₹5538 महंगी

Lucknow Focus News Desk: सर्राफा बाजार में आज शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर जोरदार रिकवरी देखने को मिली है। वैश्विक उतार-चढ़ाव के बीच भारतीय बाजार में सोने का भाव एक बार फिर 1.50 लाख रुपये के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया है। वहीं, औद्योगिक मांग और निवेश के चलते चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है।
सोना: ₹769 की बढ़त के साथ ₹1.50 लाख के पार
इंडियन बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार 24 कैरेट सोने का दाम 1,50,305 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। गुरुवार सुबह यह रेट 1,49,536 रुपये था, यानी आज कीमतों में 769 रुपये प्रति 10 ग्राम का इजाफा हुआ है। हालांकि, बुधवार के रिकॉर्ड स्तर (1.52 लाख) के मुकाबले सोना अब भी कुछ कम है, लेकिन 1.50 लाख के ऊपर बने रहना निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण संकेत है।
चांदी: ₹2.41 लाख के पार पहुंची चमक
चांदी की कीमतों ने आज निवेशकों को चौंका दिया है। 1 किलो चांदी के दाम में 5,538 रुपये की भारी तेजी आई है। कल जो चांदी 2,35,475 रुपये पर थी, वह आज बढ़कर 2,41,013 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई है।
ऑल टाइम हाई से अब भी सस्ता है सोना
आंकड़ों के मुताबिक, 29 जनवरी 2026 को सोने ने 1,75,340 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऐतिहासिक स्तर छुआ था। उस ‘ऑल टाइम हाई’ की तुलना में वर्तमान रेट अब भी लगभग 25,000 रुपये सस्ता है।
क्यों बढ़ रहे हैं दाम?
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, डॉलर इंडेक्स में मजबूती और वैश्विक युद्ध की परिस्थितियों के बीच सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है। बीच में मुनाफावसूली के कारण कीमतों में जो गिरावट आई थी, वह अब दोबारा मांग बढ़ने से रिकवर हो रही है। डॉलर पर निवेशकों के बढ़ते दांव के बावजूद सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की चमक बरकरार है।




