लखनऊ

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की लखनऊ में सगाई आज, शामिल होंगे 300 से ज्यादा वीआईपी मेहमान

Lucknow Focus News Desk: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज आज (5 जून) लखनऊ में सगाई के बंधन में बंधने जा रहे हैं। शहर के एक भव्य होटल ‘द सेंट्रम’ में आयोजित इस समारोह को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस मौके पर दोनों ने इंगेजमेंट से पहले लॉन में एक खूबसूरत फोटोशूट भी करवाया।

फोटोशूट के दौरान प्रिया ने गुलाबी रंग का खूबसूरत लहंगा पहना था, जिसे मशहूर फैशन डिजाइनर महिमा महाजन ने खासतौर पर डिजाइन किया है। वहीं रिंकू पारंपरिक शेरवानी में नजर आए।

रविवार सुबह रिंकू सिंह होटल में अपने परिवार के साथ नाश्ते पर थे, उसी वक्त प्रिया सरोज भी वहां पहुंचीं। रिंकू ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया और वेटर से उन्हें अपने कमरे का एक्सेस कार्ड दिलवाया। प्रिया रिंकू के कमरे में गईं और वहां उनके आउटफिट्स व्यवस्थित करने के बाद वापस लौट आईं।

इस कार्यक्रम से एक दिन पहले शनिवार को पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार, पीयूष चावला और यूपी रणजी टीम के कप्तान आर्यन जुयाल भी होटल पहुंचे। रिंकू ने पारंपरिक अंदाज़ में माला पहनाकर उनका स्वागत किया। रिंकू का पूरा परिवार भी पहले ही होटल में आ चुका था, जहां उन्होंने बच्चों को केक खिलाया और ढेर सारा प्यार जताया।

रिंकू सिंह के पिता कभी गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे, जबकि प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज चार बार के सांसद रह चुके हैं। इस आयोजन में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, डिंपल यादव और सांसद इकरा हसन समेत लगभग 300 खास मेहमानों के शामिल होने की संभावना है।

सगाई के इस मौके पर दोनों एक-दूसरे को खास डिज़ाइन की गई अंगूठियां पहनाएंगे। प्रिया ने रिंकू के लिए कोलकाता से डिजाइनर रिंग मंगवाई है, जबकि रिंकू ने प्रिया के लिए मुंबई से स्पेशल रिंग तैयार करवाई है। दोनों अंगूठियों की कुल कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

लखनऊ के पंडित उमेश त्रिवेदी के मुताबिक, सगाई का शुभ मुहूर्त दोपहर 12:30 बजे से लेकर शाम 4:00 बजे तक का है। मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ यह रिंग सेरेमनी संपन्न कराई जाएगी। कार्यक्रम के अंत में रिंकू और प्रिया एक-दूसरे को अंगूठियां पहनाकर इस नए रिश्ते की शुरुआत करेंगे।

Also Read: सहारनपुर व्यापार मेले में भीषण आग, 24 दुकानें जलकर खाक

Related Articles

Back to top button