उत्तर प्रदेशलखनऊ

विश्व मलेरिया दिवस विशेष: ‘टेस्ट, ट्रीट व ट्रैक’ रणनीति से यूपी में मलेरिया पर प्रहार, 5 साल में 7 गुना घटे मरीज

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश ने मच्छरजनित बीमारी मलेरिया के खिलाफ जंग में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2030 तक मलेरिया उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अपनाई गई “राष्ट्रीय रणनीति योजना 2023-27” के परिणाम सुखद रहे हैं। पिछले पांच वर्षों में प्रदेश में मलेरिया के मामलों में रिकॉर्ड 7 गुना की गिरावट दर्ज की गई है।

आंकड़ों में सुधार: 92 हजार से 14 हजार पर आया ग्राफ

स्वास्थ्य विभाग की सजगता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जहां वर्ष 2019 में प्रदेश में मलेरिया के 92,000 से अधिक मामले थे, वहीं 2025 तक यह संख्या सिमटकर मात्र 14,500 रह गई है।

बेहतर जांच: रक्त परीक्षण दर (ABER) 2019 के 2.51% से बढ़कर 2025 में 7.8% पहुंच गई है, जो 7% के राष्ट्रीय लक्ष्य से भी अधिक है।

सटीक निगरानी: टेस्ट पॉजिटिविटी रेट लगातार 0.25% से नीचे बना हुआ है, जो प्रभावी निगरानी का संकेत है।

उन्मूलन के तीन मजबूत स्तंभ

संयुक्त निदेशक डॉ. विकास सिंघल के अनुसार, नई रणनीति के तहत स्वास्थ्य विभाग तीन मुख्य बिंदुओं पर कार्य कर रहा है।

त्वरित कार्रवाई: केस की सूचना मिलने के 24 घंटे के भीतर रिपोर्टिंग, 3 दिन में जांच और 7 दिन के भीतर प्रभावित क्षेत्र में नियंत्रण उपाय।

टेस्ट, ट्रीट व ट्रैक: हर संदिग्ध की जांच, पुष्ट मामले का पूर्ण इलाज और स्वस्थ होने तक उसकी निगरानी। आशा और एएनएम अब दूरदराज के इलाकों में भी त्वरित जांच किट से लैस हैं।

वेक्टर मैनेजमेंट: मच्छरों के प्रजनन स्थलों पर लार्वा नियंत्रण और कीटनाशकों का छिड़काव कर संक्रमण की चेन तोड़ना।

मलेरिया को खत्म करने का संकल्प: “अब हमें करना ही होगा”

इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अभियान का विषय है: “मलेरिया को खत्म करने का संकल्प: अब हम कर सकते हैं। अब हमें करना ही होगा।” यह अभियान हमें मलेरिया-मुक्त भविष्य की ओर प्रेरित करता है।

जानें मलेरिया के लक्षण और बचाव

मलेरिया संक्रमित मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। यह अक्सर जलभराव और गंदगी वाले क्षेत्रों में पनपता है।

बचाव के उपाय: जलभराव न होने दें, कूलर की नियमित सफाई करें, मच्छरदानी का प्रयोग करें और शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें।

सावधानी: बुखार आने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें और जांच कराएं।

Also Read: मदर सेवा संस्थान के छात्र चमके: अनुज और सुमित ने परीक्षा में गाड़े सफलता के झंडे, संस्थान में मना जश्न

Related Articles

Back to top button