Nitish Kumar: दिल्ली में नामांकन दाखिल, रिकॉर्ड पांचवीं बार संभालेंगे ये बड़ी जिम्मेदारी

Lucknow Focus News Desk: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। उन्होंने गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है।
दिल्ली में दाखिल हुआ नामांकन
जानकारी के अनुसार जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने नामांकन पत्र दाखिल किया। निर्वाचन अधिकारी अनिल हेगड़े को दो सेट में नामांकन सौंपा गया। नीतीश कुमार खुद दिल्ली नहीं पहुंचे, उनकी ओर से नामांकन जमा किया गया। पार्टी के सभी बड़े नेताओं ने उनके नाम का समर्थन किया है, और फिलहाल कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं है।
निर्विरोध चुने जाना तय
मौजूदा स्थिति के अनुसार नीतीश कुमार का निर्विरोध अध्यक्ष बनना लगभग तय है। यदि कोई अन्य नामांकन नहीं आता है, तो 24 मार्च 2026 को आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर चुनाव 27 मार्च को कराया जा सकता है।
चुनाव प्रक्रिया और तारीखें
नामांकन अवधि: 15 मार्च – 22 मार्च
स्क्रूटनी: 23 मार्च
नाम वापसी की अंतिम तिथि: 24 मार्च
चुनाव (यदि आवश्यक): 27 मार्च
पांचवीं बार बनेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष
यह नीतीश कुमार का जेडीयू अध्यक्ष के रूप में पांचवां कार्यकाल होगा। बता दें कि नीतीश कुमार पहली बार अप्रैल 2016 में अध्यक्ष बने थे। 2019 में दोबारा चुने गए। 2020 में आरसीपी सिंह को पद सौंपा गया। इसके बाद दिसंबर 2023 में राजीव रंजन सिंह से फिर अध्यक्ष पद संभाला।
आगे की रणनीति
अध्यक्ष चुने जाने के बाद राष्ट्रीय परिषद और कार्यकारिणी की बैठक आयोजित होगी। पार्टी का राष्ट्रीय कार्यालय दिल्ली में होने के कारण, वहीं से संगठनात्मक कार्य देखे जाएंगे।
नीतीश कुमार का फिर से जेडीयू अध्यक्ष बनना पार्टी के अंदर उनकी मजबूत पकड़ को दर्शाता है। आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों से पहले यह संगठनात्मक रूप से एक अहम कदम माना जा रहा है।

