उत्तर प्रदेश

बाल विवाह के खिलाफ योगी सरकार का विशेष अभियान, 27 नवंबर को यूपी के विद्यालयों में होगा सामूहिक शपथ और जागरूकता कार्यक्रम

Lucknow Focus News Desk: बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मानजनक भविष्य सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध विद्यालयों को जनजागरण का केंद्र बना रही है। इसी क्रम में 27 नवंबर (शुक्रवार) को प्रदेशभर के उच्च प्राथमिक विद्यालयों, कंपोजिट विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) में विशेष जागरूकता एवं सामूहिक शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य परियोजना कार्यालय के अपर परियोजना निदेशक राजेन्द्र प्रसाद ने इस संबंध में सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

विद्यार्थियों और शिक्षकों की सामूहिक शपथ

कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को बाल विवाह के कानूनी व सामाजिक दुष्परिणामों, बालिकाओं की शिक्षा के महत्व और इस कुरीति के उन्मूलन में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर शिक्षक, विद्यार्थी और विद्यालय कर्मचारी सामूहिक रूप से बाल विवाह के विरुद्ध शपथ लेंगे।

अभिभावकों और समुदाय की भागीदारी

अभियान को विद्यालय परिसर से आगे बढ़ाते हुए समाज और परिवार तक ले जाने के लिए विद्यालय प्रबंध समितियों (SMC) के सदस्यों और अभिभावकों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

‘बाल विवाह मुक्त भारत’ पोर्टल पर ऑनलाइन शपथ

सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों व कार्मिकों को भारत सरकार के ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ (Bal Vivah Mukt Bharat) पोर्टल पर ऑनलाइन शपथ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही, कार्यक्रमों की झलकियां विभागीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और स्थानीय मीडिया के माध्यम से साझा की जाएंगी।

100 दिवसीय राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक 100 दिवसीय ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। 27 नवंबर को आयोजित होने वाले ये कार्यक्रम इसी राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा हैं, जिनका लक्ष्य सामाजिक चेतना को मजबूत कर प्रत्येक बालिका को शिक्षा और सुरक्षित भविष्य का अवसर प्रदान करना है।

Related Articles

Back to top button