uncategorized

भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, शर्ट उतारकर जताया विरोध, बीजेपी ने बताया ‘देश की छवि को ठेस’

Lucknow Focus News Desk: नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान Indian Youth Congress के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शर्ट उतारकर अपना विरोध दर्ज कराया और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लगाए।

मौके पर मौजूद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, यह जांच की जा रही है कि प्रदर्शनकारी कार्यक्रम स्थल में पास के जरिए प्रवेश किए थे या क्यूआर कोड के माध्यम से अंदर पहुंचे थे। मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

ट्रेड डील को लेकर जताया विरोध

यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट का विरोध कर रहे थे। संगठन के आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल से साझा किए गए पोस्ट में आरोप लगाया गया कि विदेश नीति और कॉरपोरेट दबाव के चलते समझौता किया जा रहा है। पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए इसे “देश की अस्मिता से समझौता” बताया गया।

प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता ऐसी टी-शर्ट पहनकर पहुंचे थे, जिन पर प्रधानमंत्री की तस्वीर छपी थी।

बीजेपी का पलटवार

भारतीय जनता पार्टी ने इस प्रदर्शन को “शर्मनाक” बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस तरह का विरोध देश की छवि को नुकसान पहुंचाता है। बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन भारत की वैश्विक छवि को धूमिल करना उचित नहीं है।

बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए इसे गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करार दिया। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने हाल ही में कहा कि भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट मार्च में साइन होने और अप्रैल में लागू होने की संभावना है।

उन्होंने यह भी बताया कि यूके और ओमान के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट अप्रैल में लागू हो सकते हैं, जबकि न्यूजीलैंड के साथ समझौता सितंबर तक लागू होने की उम्मीद है।

भारतीय और अमेरिकी अधिकारियों के बीच अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट के कानूनी मसौदे को अंतिम रूप देने के लिए 23 फरवरी से अमेरिका में तीन दिवसीय बैठक प्रस्तावित है। इससे पहले दोनों देशों ने एक संयुक्त बयान जारी कर समझौते के लिए फ्रेमवर्क तय होने की जानकारी दी थी।

Related Articles

Back to top button