उत्तर प्रदेश

यूपी में नारी सशक्तिकरण का ‘जनांदोलन’, मिशन शक्ति के तहत 88 हजार KGBV छात्राओं ने दीपों से रोशन किया परिसर

Lucknow Focus News Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रहा ‘मिशन शक्ति’ अभियान दीपावली के अवसर पर नई ऊर्जा से दमक उठा। प्रदेश के 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) में ‘मिशन शक्ति के लिए, रोशन करो दीये’ थीम पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें 88 हजार से अधिक छात्राओं ने हिस्सा लिया। इन बेटियों ने दीपों और रंगोलियों से परिसर को आलोकित कर नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश दिया।

जनांदोलन बन चुका है मिशन शक्ति: संदीप सिंह

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने इस आयोजन को नारी सशक्तिकरण का जनांदोलन बताया। उन्होंने कहा “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति आज प्रदेश में नारी सशक्तिकरण का जनांदोलन बन चुका है। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में दीपों से सजे ये संदेश केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज में चेतना, आत्मविश्वास और बदलाव की लौ हैं। जब बेटियाँ शिक्षित और सुरक्षित होंगी, तभी उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर और सशक्त बनेगा।”

दीपों से गूंजे सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर

छात्राओं ने अपनी सृजनशीलता का प्रदर्शन करते हुए दीपों और रंगोलियों की मदद से 1090, 1098, 112 जैसे प्रमुख महिला और बाल हेल्पलाइन नंबरों को सजाया। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि सुरक्षा और सहायता का यह संदेश हर बालिका तक पहुंचे।

विद्यालयों के परिसर ‘नारी ही शक्ति है’ और ‘सुरक्षा मेरा अधिकार है’ जैसे प्रेरक स्लोगनों से सजे रहे।

कैंडिल मार्च के दौरान बालिकाओं ने मिशन शक्ति से जुड़े संदेशों की तख्तियाँ थामकर नारी सशक्तिकरण का संकल्प दोहराया।

छात्राओं द्वारा क्योरियोसिटी कार्यक्रम के तहत तैयार किए गए लैंप्स और D20 सीरीज़ से प्रेरित हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुओं ने रचनात्मकता और नवाचार का केंद्र बनाया।

शिक्षा के साथ सुरक्षा की संस्कृति: डीजी स्कूल शिक्षा

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश मोनिका रानी ने इस पहल को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा “मिशन शक्ति की यह पहल विद्यालयों में शिक्षा के साथ संवेदना और सुरक्षा की संस्कृति स्थापित करने वाली रही है। दीपावली के अवसर पर बेटियों द्वारा जलाए गए ये दीप नारी गरिमा और आत्मविश्वास के प्रतीक हैं। बेसिक शिक्षा विभाग इस दिशा में निरंतर कार्यरत है कि हर बालिका स्वयं पर विश्वास करे और समाज उसे समान अवसर दे।”

कार्यक्रम की तस्वीरों और वीडियो ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर खूब धूम मचाई। इस दौरान विद्यालय प्रशासन ने छात्राओं और स्टाफ की सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा।

Related Articles

Back to top button